Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राहुल ने घोषणापत्र पर लोगों की राय मांगी

नई दिल्ली। कांग्रेस का घोषणापत्र जारी होने के दो दिन बाद रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस पर एक वीडियो के जरिए लोगों की प्रतिक्रिया बताई और साथ ही लोगों से और राय देने को कहा। उन्होंने यह वीडियो शनिवार को आधी रात के बाद बनाया था, जिसे रविवार को प्रसारित किया गया।

राहुल ने इस वीडियों में कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी के घोषणापत्र को कई लोगों ने ‘क्रांतिकारी’ बताया है और उन्होंने लोगों से घोषणापत्र को लेकर सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया साझा करने का आग्रह किया।

राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने यह अपील की। राहुल गांधी ने सुबह करीब 10 बजे वीडियो साझा करते हुए एक पोस्ट में कहा- मैंने यह वीडियो कल रात साढ़े 12 बजे बनाया था, लेकिन मेरी टीम ने सोचा कि देर रात होने की वजह से इसे अभी साझा नहीं किया जाए।

इसलिए यह वीडियो मैं अब साझा कर रहा हूं क्योंकि संदेश अभी भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा- कांग्रेस का घोषणापत्र हर भारतीय की आवाज है, अपने विचार सोशल मीडिया पर साझा करें। राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने तेलंगाना में रैली से वापस आने के बाद यह वीडियो बनाया है। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने उन्हें बताया कि यह एक ‘क्रांतिकारी’ घोषणापत्र है। राहुल ने लोगों को उनके सुझावों के लिए धन्यवाद दिया, जिनसे घोषणापत्र को आकार देने में मदद मिली।

गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें उसने जाति जनगणना कराने, आरक्षण की सीमा बढ़ा कर 50 फीसदी से अधिक करने, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने और नई शिक्षा नीति में संशोधन करने समेत कई वादे किए हैं। पार्टी ने अपने घोषणापत्र को ‘न्याय पत्र’ नाम दिया है। यह ‘पांच न्याय और 25 गारंटी’ पर आधारित है।

Exit mobile version