श्रीनगर। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर बुधवार को जम्मू कश्मीर पहुंचे। जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को समाप्त किए जाने के सात साल के बाद पहली बार कोई अमेरिकी राजदूत कश्मीर के दौरे पर पहुंचा। सर्जियो गोर ने बुधवार को कहा कि जम्मू कश्मीर भारत का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा, ‘मैं पहली बार इस जगह का दौरा कर रहा हूं। यह खूबसूरत जगह है’।
गौरतलब है कि अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 हटा दिया गया था। उसके बाद यह किसी अमेरिकी राजदूत का पहला दौरा है। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात भी की। गोर ने कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘नई दिल्ली और स्थानीय सरकार ने इसके लिए बहुत काम किया है। अमेरिका की तरफ से अपने नागरिकों को जारी होने वाली ट्रैवल एडवाइजरी में वह इस बात का ख्याल रखेंगे’। हालांकि, गोर ने इसे लेकर कोई घोषणा नहीं की।
गौरतलब है कि यह सात साल में किसी अमेरिकी राजदूत का पहला कश्मीर दौरा है। लेकिन अनुच्छेद 370 हटने के बाद नौ जनवरी 2020 को तत्कालीन अमेरिकी राजदूत केनेथ जस्टर 15 देशों के सरकारी डेलिगेशन के साथ कश्मीर गए थे। बहरहाल, उमर अब्दुल्ला ने गोर से मुलाकात पर कहा, ‘हमारी बैठक बहुत अच्छी रही। हमें दोनों देशों के बीच संबंधों पर चर्चा करने का मौका मिला, लेकिन विशेष रूप से इस बात पर ध्यान केंद्रित किया गया कि अमेरिका जम्मू और कश्मीर के मामले में क्या कर सकता है। कुछ पुराने मुद्दे हैं जिन्हें हम समय के साथ सुलझाने का प्रयास करेंगे’।
