‘क़िताबें, कुछ कहना चाहती हैं; तुम्हारे पास रहना चाहती हैं…’। सफ़दर हाशमी की लिखी कविता की ये पंक्तियां अब से 37 बरस पहले हर पढ़े-लिखे की ज़ुबान पर रहा करती थी। सफ़दर की मौत के अप्रिय प्रसंग में जाए बिना मैं इन पंक्तियों का ज़िक्र इसलिए कर रहा हूं कि अभी जब सोनिया गांधी की क़िताब आई और ‘नुक़्ताचीं है ग़मे-दिल‘ वालों के मनफ़ी सोच ने हर तरह का हल्ला मचाना शुरू किया तो मुझे उन पर सचमुच बहुत तरस आया। इसलिए कि क़िताबें आप से जो कहना चाहती हैं, अगर वह आप को नहीं सुनना तो मत सुनिए, क़िताबें अगर आप के पास रहना चाहती हैं और आप को उन्हें अपने से दूर रखना है तो शौक़ से कोसों दूर रखिए, मगर यह क्या कि आप यह क्यों नहीं लिखा, वह क्यों नहीं लिखा की कुदाली ले कर घर से निकल पड़ें!
मुझे नहीं याद कि देश-दुनिया में कभी किसी भी और राजनीतिक की लिखी आत्मकथा पर ऐसा छिछोरा सियासी शोर कहीं भी किसी राजनीतिक दल ने या किसी भी विचारधारा के हिमायतियों ने मचाया हो। भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े दिग्गजों से ले कर उन के जैविक-अजैविक छुटभैये सोनिया की पुस्तक पर ऐसा घमासान मचाए हुए हैं, ग़ोया उन पर सुमेरु पर्वत टूट कर गिर गया हो। संस्मरणात्मक लेखन तो भाजपा-संघ के बहुत-से कलमवीरों ने भी किया है। क्या उन में से किसी की भी निजी तौर पर ऐसी लानत-मलामत कभी हुई? नरेंद्र दामोदरदास मोदी ने तो अभी अपनी यादें पुस्तक के पन्नों पर संजोई नहीं हैं, मगर क्या विनायक दामोदर सावरकर की ‘मेरी जेल यात्रा’ को ले कर वैचारिक विरोधियों ने कभी उन पर व्यक्तिगत क़िस्म के हमले किए?
जनसंघ के बड़े नेताओं दीनदयाल उपाध्याय और श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने अपनी कोई औपचारिक आत्मकथा नहीं लिखी। ‘एकात्म मानववाद’ से ले कर ‘अखंड भारत क्यों’ जैसी दीनदयाल जी की वैचारिक पुस्तकों पर सैद्धांतिक बहस होती है, मगर इस वज़ह से उन की निजी निंदा कोई नहीं करता है। मुखर्जी के निधन के बाद उन के निजी संस्मरणों की डायरी के पन्ने प्रकाशित हुए थे – ‘लीव्स फ्रॉम ए डायरी’। लेकिन उसे ले कर कभी किसी ने व्यक्तिगत आलोचना नहीं की। जनसंघ और भाजपा के सब से लोकप्रिय और प्रभावशाली नेता रहे अटल बिहारी वाजपेयी ने भी अपनी कोई औपचारिक आत्मकथा तो नहीं लिखी, लेकिन उन के भाषणों और पत्र-पत्रिकाओं में लिखे गए लेखों के संकलन की पुस्तकें प्रकाशित होती रहीं। क्या आप को याद है कि उन की ‘राजनीति की रपटीली राहें’, ‘मेरी संसदीय यात्रा’, न दैन्यं न च पलायनम’ और ‘गठबंधन की राजनीति’ में कही गई बातों को ले कर कभी किसी ने यह विलाप किया हो कि हाय-हाय उन्होंने यह क्यों नहीं लिखा और हाय-हाय उन्होंने यह क्यों लिख दिया?
लालकृष्ण आडवाणी ने ‘माई कंट्री, माई लाइफ़’ में आपातकाल, राम रथयात्रा और केंद्र सरकारों के बारे में क्या-क्या झूठ-सच लिखा, मगर विपक्ष ने कोई बवाल नहीं मचाया। जसवंत सिंह ने ‘ए कॉल टु ऑनर’ में करगिल युद्ध और कंधार प्रसंग पर को बढ़ा-घटा कर पेश किया, मगर विपक्ष ने कोई हल्लागुल्ला नहीं किया। शांता कुमार ने अपनी आत्मकथा में कई ऐसा बातें लिखीं, जिन का फ़ायदा लेने की कोशिश विपक्ष कर सकता था, लेकिन उस ने ऐसा नहीं किया। राम नाईक ने अपनी ‘चरैवेति! चरैवेति!’ में ऐसे-ऐसे गुब्बारे छोड़े, जिन्हें विपक्ष फोड़ सकता था, लेकिन किसी ने ऐसा नहीं किया। कलराज मिश्र से ले कर तथागत रॉय तक की क़िताबों पर विपक्ष ने ख़ामोशी बरती। विजयाराजे सिंधिया ने मनोहर मालगांवकर की मदद से लिखी अपनी आत्मकथा में आपातकाल के दिनों का मनचाहा बखान किया और कांग्रेस उन की लिखी बातों की बखिया सिलसिलेवार उखाड़ सकती थी, मगर विजयाराजे पर कोई निजी आक्रमण नहीं किया गया।
बलराज मधोक ने तो अपनी क़िताब में अटल बिहारी के ख़िलाफ़ ऐसा-ऐसा लिखा कि विपक्ष रोज़ थू-थू कर सकता था, मगर किसी ने मर्यादा पार नहीं की। दत्तोपंत ठेंगड़ी, एम. जी. वैद्य, मोरोपंत पिंगले और लक्ष्मण राव ईनामदार ने भले ही आत्मकथाएं नहीं लिखीं, लेकिन उन की लिखी कई पुस्तकों को विवादों के तालाब में फेंका जा सकता था। किसी ने ऐसा नहीं किया। एन. गोविंदाचार्य और शेषाद्रि चारी ने तो अपने संस्मरणात्मक अनुभवों पर कई लेख लिखे और बाद में उन्हें पुस्तकों के रूप में प्रकाशित भी किया। मगर प्रतिपक्षी हलके ने कभी उन्हें व्यक्तिगत धिक्कार का निशाना नहीं बनाया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुखों द्वारा अपनी आत्मकथा लिखने की परंपरा नहीं रही है। वे अपना संपूर्ण सच लिखने से इस तर्क की आड़ में बचते रहते हैं कि व्यक्ति महत्वपूर्ण नहीं है, महत्व विचार और संगठन का है। इसलिए व्यक्तिगत जीवन की उपलब्धियों को लिपिबद्ध करना उचित नहीं है। अरे, उपलब्धियों को लिपिबद्ध करने में संकोच है तो मत करिए। मगर क्या सौ बरस के सफ़र में आरएसएस से कोई भूल-चूक कभी हुई ही नहीं होगी? उन्हीं का ज़िक्र कर दीजिए। उन्हें दुरुस्त करने के लिए क्या किया, यही देश को बता दीजिए। सो, भले ही केशव बलिराम हेडगेवार और माधव सदाशिव गोलवलकर ने अपनी आत्मकथाएं नहीं लिखी, मगर मधुकर दत्तात्रय देवरस, राजेंद्र सिंह और कुप्पहल्ली सीतारमैया सुदर्शन के भाषणों के संकलन की पुस्तकें तो प्रकाशित हुई हैं। बालासाहब द्वारा अपने सहयोगियों के साथ साझा किए गए संस्मरणों की क़िताब भी आई थी। रज्जूभैया ने अपनी यादों के ऑडियो रिकॉर्ड कराए थे। इन्हीं रिकॉर्ड किए गए संस्मरणों के आधार पर हमारे मित्र रतन शारदा ने ‘द लाइफ़ एंड टाइम्स ऑफ रज्जूभैया’ लिखी है। उस में कभी किसी ने मीनमेख नहीं निकाली।
मगर सोनिया गांधी की आत्मकथा प्रकाशित होते ही सत्तासीनों की तरफ़ से हंगामा बरपा हो गया। ऐसे-ऐसे लोगों ने ऐसी-ऐसी बातें उठानी शुरू कर दी हैं, जो शालीनता की तमाम मर्यादाओं का सरेआम उल्लंधन हैं। उन की व्यक्तिगत ज़िंदगी पर जम कर छींटे उछाले जा रहे हैं। राजनीतिक आकलन से जुड़े अंशों को दुत्कारा जा रहा है। पुस्तक में बरती गई साफ़ग़ोई, वैमनस्यविहीन रुख और निस्पृह भाव को पूरी तरह नकार कर सोनिया की छवि को ‘कुचक्री‘ के तौर पर पेश करने की साज़िश रचने में दिन-रात एक किए जा रहे हैं।
यह दुर्भाग्यजनक है। लेकिन हुक़्मरान-खेमे की यह प्रतिक्रिया स्वाभाविक है। इसलिए कि सोनिया की आत्मकथा को दुनिया भर में कालजयी श्रेणी में जगह मिल गई है। उन की क़िताब को विश्व में अब तक लिखी गई बेहद उल्लेखनीय आत्मकथाओं में से एक का दर्ज़ा मिल रहा है। ‘बिलांगिंग’ का हर बिक्री काउंटर पर बेस्ट सेलर होना तो बाई डिफॉल्ट है। इतने शुचितामयी भाव से अपनी कहानी चाहे ऐनी फ्रैंक लिखें या माया एंजेलो, नेल्सन मंडेला लिखें या फ्रेडरिक डगलस, बैंजामिन फ्रेंकलिन लिखें या बराक ओबामा और महात्मा गांधी लिखें या सोनिया गांधी – बिक्री के कीर्तिमान टूटना तो कुदरती है। असली बात तो यह है कि ऐसी कृतियां सकल-समाज के दिलों पर राज करती हैं। और, जब-जब ऐसा होता है सियासी हुक़ूमत के सिंहासन के पाये कंपकंपाहट महसूस करने लगते हैं। सोनिया की पुस्तक पर कृत्रिम काली बारिश इसीलिए कराई जा रही है।
