लगता है कि फिर किसी अगलिए-बग़लिए ने शिकागो विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ संवाद में राहुल गांधी से इज़रायल को ले कर ऐसी बातें कहलवा दीं, जिन से उल्टे बांस बरेली को लद गए। भारत-इज़रायल संबंधों और गाज़ा संघर्ष के मसलों की रस्सी पर संतुलन की नटबाज़ी दिखाने के चक्कर में राहुल दरअसल गच्चा खा गए हैं। उन्हें शोषण और दमन के साथ दिखाई देने के बजाय अत्याचार और उत्पीड़न का ज़बरदस्त प्रतिकार करने वाला चेहरा माना जाता है। देश और परदेस में उन के लिए जो भी नेह बरसता दिखाई देता है, वह उन की इसी छवि की देन है। ऐसे में हमास द्वारा इज़रायल पर तीन बरस पहले किए गए हमले और गाज़ा में इज़रायल की सैन्य कार्रवाई से हज़ारों नागरिकों की मौत को एक तराजू पर रख कर बराबर-बराबर तोल देने और दोनों की एक सुर में समान निंदा करने के करतब को जो राहुल का ‘रणनीतिक कौशल’ बता रहे हैं, उन से मैं पूरी तरह असहमत हूं।
सिर्फ़ इसलिए कि भारत को इज़रायल से अपनी सेना के लिए बेहतरीन हथियार खरीदने होते हैं, क्या कांग्रेस को अपने पारंपरिक वैचारिक रुख से हट कर ख़ुद को अधिक ‘व्यावहारिक और यथार्थवादी’ साबित करने के लिए कलाबाज़ियां खाने की ज़रूरत होनी चाहिए? क्या बेहद अहम इम्तहान के मुहाने पर खड़े उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के वक़्त राहुल को यह सब कहने से ख़ासकर बचना नहीं चाहिए था? नरेंद्र भाई मोदी दरअसल तो इज़रायल के साथ मजबूत रणनीतिक साझेदारी बनाए रखने को तरज़ीह देते हैं और दिखावे के लिए संयुक्त राष्ट्रसंघ में फिलिस्तीन के अधिकारों का समर्थन करते हैं। राहुल ने अपने चेहरे पर भी वही बसंती रंग पोत कर किस का भला किया है?
मां सोनिया गांधी पिछले तीन बरस पहले से अभी चार महीने पहले तक अख़बारों में पांच-पांच लेख लिख कर देश-दुनिया को तफ़सील से इज़रायल की हैवानियत के बारे में बता चुकी हैं। वे खुल कर फ़िलिस्तीन के हक़ों के साथ खड़ी हैं। अक्टूबर 2023 में अपने लेख में उन्होंने गाज़ा में इज़रायल द्वारा मचाई गई मानवीय तबाही की घनघोर निंदा की। गाज़ा के मामले में संयुक्त राष्ट्रसंघ में भारत द्वारा मतदान के रुख पर भी सवाल उठाए। पिछले साल, 2025 में, सोनिया ने तीन लेख लिखे। जून में, जुलाई में और सितंबर में। जून के लेख में उन्होंने गाज़ा और ईरान पर इज़रायल के हमलों को ले कर भारत की चुप्पी को ‘मूल्यों का समर्पण’ बताया। जुलाई के लेख में उन्होंने गाज़ा में नागरिकों की मौत को ‘नरसंहार’ करार दिया और भारत की ऐतिहासिक परंपराओं का हवाला देते हुए मोदी-सरकार से मुखर होने की मांग की। सितंबर के लेख में सोनिया ने फ्रांस, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया द्वारा फ़िलीस्तीन को एक संप्रभु राष्ट्र के रूप में मान्यता देने का ज़िक्र किया और याद दिलाया कि किस तरह भारत ने 1988 में ही फ़िलिस्तीन को मान्यता दे दी थी। उन्होंने लिखा कि हमारी सरकार की मौजूदा नीति नैतिकता और मानवता की उपेक्षा है।
इस बरस जून के आख़ीर में सोनिया ने फिर एक लेख लिखा और कहा कि गाज़ा में बच्चों के ख़िलाफ़ हो रही हिंसा पर भारत सरकार की चुप्पी ठीक नहीं है। तो इन पांच लेखों में सोनिया ने इस पर ज़ोर दिया कि भारत को अपनी पारंपरिक गुटनिरपेक्ष और नैतिक विदेश नीति की तरफ़ लौटने की ज़रूरत है और सरकार को फ़िलिस्तीनी नागरिकों के अधिकारों और फ़िलिस्तीन की संप्रभुता के पक्ष में एकदम स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। दो साल पहले, 2024 के दिसंबर महीने में प्रियंका गांधी भी फ़िलिस्तीन लिखा हुआ हैंडबैग ले कर संसद भवन में घूमती रही थीं। उन के बैग पर फ़िलिस्तीनी एकजुटता के प्रतीक माने जाने वाले तरबूज, शांति का प्रतीक सफेद कबूतर और जैतून की टहनी के चित्र भी बने हुए थे। शिकागो में राहुल के रुख पर सोनिया-प्रियंका अपना माथा तो ज़रूर खुजला रही होंगी।
गाज़ा में मानव अधिकारों की इज़रायल द्वारा खुली अवहेलना के बावजूद उस से हथियार खरीद जारी रखने का समर्थन कहीं राहुल के नैतिक क्षरण की तरह तो नहीं देखा जाएगा? कहीं इस से कोई विरोधाभासी संदेश तो नहीं जाएगा? देश के भीतर इज़रायल को ले कर सरकार की आलोचना करना और विदेश में उसी रक्षा साझेदारी का समर्थन करना सियासी असंगति नहीं है क्या? शिकागो-प्रसंग राहुल के राजनीतिक विरोधियों को तो उन की आलोचना करने का अवसर दे ही चुका है, मगर कहीं वे अपने वैचारिक समर्थकों के भीतर भी तो ठोस और दूरगामी ऊहापोह के अंकुर नहीं बो देंगे? राहुल ने अपनी साख कहीं दांव पर तो नहीं लगा दी है?
ठीक है कि बेंजामिन नेतन्याहू ही अभी इज़रायल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री हैं और गादी आइजेनकोट के लिए सरकार बनाने लायक बहुमत जुटाना आसान साबित नहीं हो रहा है, मगर इस के चलते नेतन्याहू के इज़रायल से संबंधों की मजबूती की चाह ज़ाहिर करने की हड़बड़ी दिखाने के बजाय क्या राहुल को एक पखवाड़े या एक महीने का इंतज़ार नहीं कर लेना चाहिए था? आइजेनकोट के पास सरकार बनाने के लिए अभी 6 दिसंबर तक का वक़्त है। उस के बाद भी उन्हें 14 दिनों का समय और मिल सकता है। आइजेनकोट को सरकार बनाने के लिए 61 सदस्यों की ज़रूरत है। उन्हें 48 सीटें मिली हैं। अरब पार्टियों ने 19 सीटें जीती हैं। इस तरह उन्हें 67 सदस्यों का समर्थन हासिल हो सकता है। आइजेनकोट के कुछ दक्षिणपंथी सहयोगी अरब पार्टियों के साथ सरकार बनाने या बाहर से भी उन का समर्थन लेने के विरोध में हैं।
मगर आइजेनकोट के पास अरब पार्टियों के बिना भी सरकार बनाने का एक विकल्प है। व्यापक सहमति न बनने पर वे 6 दिसंबर के पहले अल्पमत की सरकार बनाने का दावा पेष कर सकते हैं। तब अरब पार्टियां अगर मतदान से अनुपस्थित रह जाएं तो साधारण बहुमत से आइजेनकोट की सरकार तो बन जाएगी। लेकिन इस सरकार का लंबे समय तक टिके रहना कितना मुमकिन होगा – कहना मुश्क़िल है। हो सकता है कि राहुल ने इसी परिस्थिति के मद्देनज़र नेतन्याहू के घर की तरफ़ खुलने वाली खिड़की खुली रखने का काम शिकागो में किया हो। जो हो, राहुल के लिए बेहतर होता कि वे फ़िलवक़्त ख़ुद ख़ामोशी बरतते। आइजेनकोट हर हाल में नेतन्याहू से ज़्यादा मुफ़ीद साबित होंगे। वे स्वतंत्र फिलिस्तीन राष्ट्र के निर्माण के निर्माण में भले ही सक्रियता न दिखाएं, वेस्ट बैंक से संबंधित नीतियों में भले ही बहुत क्रांतिकारी बदलाव न करें, लेकिन वे इज़रायल में लोकतांत्रिक संस्थाओं की पुनर्बहाली का काम तेज़ी से करेंगे। इतना भी अभी के लिए काफी होगा।
सो, राहुल नाहक यह कंकर न फेंकते तो शायद मौजूं होता। मगर चूंकि उन्होंने इस बहस का आगाज़ कर ही दिया है तो कांग्रेस द्वारा इस मसले पर रची जाने वाली भावी शाब्दिक संरचनाओं पर नज़र रखिए। मुझे लगता है कि आगे-पीछे राहुल को अपने तराजू का वह पलड़ा थोड़ा हल्का करना ही पड़ेगा, जिस पर नेतन्याहू का इज़रायल सवार है। गाज़ा को वज़नदार बनाए रखना ही अंततः कांग्रेस की नियति है।
