Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कांग्रेस पार्टी अब क्या करेगी?

यह लाख टके का सवाल है कि कांग्रेस पार्टी अब क्या करेगी? कांग्रेस को सिर्फ चार सीटें मिली हैं। हालांकि उसे साढ़े आठ फीसदी के करीब वोट मिले हैं लेकिन क्या इतना वोट और इतनी कम सीटें बिहार में उसके स्वतंत्र रूप से राजनीति करने के लिए पर्याप्त है? यह सवाल इसलिए है क्योंकि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी लगातार बिहार में अकेले और स्वतंत्र राजनीति करने की तैयारी में दिख रहे थे। यही कारण है कि गठबंधन में बहुत खटपट हुई। इस साल के शुरू से जितने बार राहुल गांधी बिहार गए हर बार उन्होंने राजद से दूरी रखी। तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित करने का फैसला कांग्रेस ने आखिरी समय तक लंबित रखा। इससे जो अविश्वास बना उसका नतीजा यह हुआ कि महागठबंधन की पार्टियां एक दर्जन से सीटों पर एक दूसरे के खिलाफ लड़ीं।

बिहार में इस साजिश थ्योरी की बहुत चर्चा पूरे चुनाव में होती रही कि राहुल गांधी क्षेत्रीय पार्टियों से मुक्ति चाहते हैं और इसलिए उन्होंने बिहार में राजद को नुकसान पहुंचाने की राजनीति की है। इस साजिश थ्योरी की भी चर्चा रही कि कांग्रेस ने जान बूझकर लेफ्ट को खत्म करने वाली राजनीति की। इस राजनीति के तहत ही कांग्रेस ने बिहार का लेनिनग्राद कहे जाने वाले बेगूसराय में बछवाड़ा की सीट पर सीपीआई के सामने अपना उम्मीदवार उतारा। वहां सीपीआई के अवधेश राय पिछली बार सिर्फ तीन सौ वोट से हारे थे। इस बार वहां कांग्रेस ने अपने पुराने नेता रामदेव राय के बेटे शिव प्रकाश गरीबदास को उतार दिया और प्रियंका गांधी वाड्रा उनके प्रचार में गईं। कांग्रेस की इस राजनीति के जवाब में सीपीआई ने कांग्रेस की तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार दिए।

उधर राजद के नेता भी कांग्रेस की राजनीति को भांप रहे थे। इसलिए तेजस्वी यादव ने भी दूरी बनाई। राहुल और प्रियंका की रैलियां अलग हुईं और तेजस्वी ने अपनी रैलियां अलग कीं। दोनों का प्रचार भी अलग अलग चला। कांग्रेस पिछली बार की 70 सीट के मुकाबले सिर्फ 61 सीटों पर लड़ी और उसमें भी 10 सीटों पर फ्रेंडली फाइट हुई। कांग्रेस को पिछली बार की तरह इस बार भी 30 के करीब ऐसी सीटें मिलीं, जो पारंपरिक रूप से महागठबंधन के लिए कमजोर मानी जाती हैं। सो, गठबंधन के कंफ्यूजन, सीट बंटवारे में राजद और लेफ्ट से टकराव, एक दर्जन सीटों पर दोस्ताना मुकाबले और अलग अलग प्रचार के कारण कांग्रेस तो डूबी ही उसके साथ साथ राजद, लेफ्ट और वीआईपी भी डूब गए। तभी यह सवाल है कि अब कांग्रेस क्या करेगी और महागठबंधन का क्या भविष्य होगा? तेजस्वी यादव के नेतृत्व को लेकर भी सवाल है।

Exit mobile version