Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कोर ग्रुप में कसावट के लिए कसरत

भोपाल। प्रदेश भाजपा कार्यालय में कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें चुनावी दृष्टि से सत्ता और संगठन में कसावट लाने के लिए कसरत की गई पार्टी ने तय किया है की किसी भी प्रकार के ओवर कॉन्फिडेंस में नहीं रहना है और एकता के साथ चुनावी रणनीति पर काम करना है।
दरअसल विधानसभा चुनाव 2018 के परिणामों से सबक लेकर इस बार पार्टी हर कदम फूंक-फूक कर रख रही है। सामूहिक निर्णय लेने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का भी पूरा फोकस प्रदेश पर बन गया है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह के दौरे लगातार प्रदेश में हो रहे हैं। संगठन जहां बूथ स्तर पर जमावट कर रहा है। वहीं सरकार एक के बाद एक लोक लुभावन निर्णय ले रही है। मसलन सावन माह के पहले दिन ही प्रदेश के करीब डेढ़ लाख संविदा कर्मचारी को सौगातों की झड़ी लगा दी गई राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में संविदा कर्मचारियों के प्रति सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा करते हुए कहा कि अब संविदा कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के बराबर वेतन मिलेगा।

नेशनल पेंशन स्कीम का लाभ सभी को दिया जाएगा स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा। अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी रिटायरमेंट पर ग्रेच्युटी की व्यवस्था भी की जाएगी। नियमित पदों पर भर्ती में 50% रिजर्वेशन संविदा कर्मचारियों के लिए किया जाएगा। नियमित कर्मचारियों के समान अवकाश की पूरी सुविधा मिलेगी। नियमित कर्मचारियों की तरह महिला संविदा कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश दिया जाएगा। छुट्टियां सीएल, ईल, अक्षय का अवकाश भी नियमित कर्मचारियों की तरह दिए जाएंगे। वर्षों से संविदा कर्मचारी इन मांगों को लेकर समय-समय पर आंदोलन करते रहते थे। स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष रहे स्वर्गीय अमिताभ चौबे ने संविदा कर्मियों की लंबी लड़ाई लड़ी लेकिन जब मांगे पूरी हुई तब अमिताभ चौबे इस दुनिया में नहीं है। स्टेडियम में उनके साथ आंदोलन रत रहे साथी उनको याद कर रहे थे। यहां बताते चलें कि करीब दो माह पहले सागर में एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए अमिताभ चौबे भोपाल के बंसल अस्पताल में इलाज करते हुए जिंदगी की जंग हार गए थे।

बहरहाल, प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भाजपा और कांग्रेस जमकर कसरत कर रहे हैं मंगलवार को भाजपा कोर कमेटी की बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिसमें आगे की रणनीति तैयार की गई है जरूरी फेर बदल भी अब जल्दी ही कर लिए जाएंगे। जिससे कि जो भी कार्यक्रम तय किये गए हैं उन पर अमल किया जा सके जुलाई का महीना दोनों दलों के लिए फेरबदल की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सत्तारूढ़ दल भाजपा सागर में बनने वाले रविदास मंदिर को एक बड़ा अभियान चलाकर हर घर से ईंट, पत्थर और चावल का चंदा करेगी। हर गांव से एक मुट्ठी मिट्टी भी जुटा जाएगी। भाजपा संघ और सरकार मिलकर सामाजिकता समरसता का ऐसा अभियान चलाएगी जिसमें जातिवाद को कोई स्थान नहीं रहेगा।

कुल मिलाकर सरकार बनाने के लिए चौतरफा प्रयास कर रहे सत्ता और संगठन से जुड़े सभी नेताओं को आगामी दिनों के लिए कार्यक्रम तय किए गए हैं। कोर कमेटी की बैठक के बाद सत्ता और संगठन में कसावट की उम्मीद की जा रही है।

Exit mobile version