Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

इस्लाम बढ़ेगा, इस्लाम का डर भी?

इक्कीसवीं सदी के पोपुलिस्ट नेताओं के लिए इस्लाम राजनीति में तुरूप का इक्का है। तुर्की के रेचेप तैयप एर्दोआन ने मुसलमानों की उत्पीड़न की भावना, उनकी ऐतिहासिक शिकायतों और पश्चिम से अलगाव में अपना राजनीतिक अवसर पकाया। नरेंद्र मोदी ने हिंदुओं की असुरक्षा और मुस्लिम आबादी को लेकर पैदा की जाने वाली आशंकाओं का चुनावी महत्त्व पहचाना। डोनाल्ड ट्रंप के सामने मतदाता अलग थे, मगर इस्तेमाल के लिए पूर्वाग्रह वही था। फर्क नहीं पड़ता कि नेता मुसलमान है या गैर-मुसलमान। राजनीति का नुस्खा एक था। इस्लाम से जुड़ी भावनाओं को भुनाओ और चुनाव जीतो।

लेकिन सोचें, उस दुनिया में इस राजनीति का तब क्या होगा, जब इस्लाम सबसे बड़ा धर्म बन जाएगा? क्या तब धार्मिक असुरक्षा और बढ़ेगी? क्या मुसलमानों की संख्या बढ़ने के साथ उनके प्रति भय भी बढ़ता जाएगा? या दुनिया का बदलता धार्मिक भूगोल उन धारणाओं को ही गलत साबित करेगा, जिनके सहारे नेता दशकों से राजनीति करते आए हैं?

पिछले सप्ताह प्यू रिसर्च सेंटर की दुनिया के धर्मों के भविष्य पर आई रिपोर्ट ने ऐसे ही सवाल खड़े किए हैं। सवाल केवल धर्म का नहीं है। दुनिया की आबादी, उसके भूगोल, राजनीति और सभ्यताओं के भविष्य का भी है।

अनुमान है कि 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बनकर ईसाई धर्म को पीछे छोड़ सकता है। तब मुसलमानों की आबादी लगभग दो अरब 57 करोड़ और ईसाइयों की दो अरब 52 करोड़ होगी। वर्ष 2070 तक मुसलमान तीन अरब 60 करोड़ से अधिक हो सकते हैं, जबकि ईसाइयों की संख्या तीन अरब के आसपास होगी। हिंदुओं की संख्या भी बढ़कर करीब एक अरब 40 करोड़ होने का अनुमान है, हालांकि विश्व आबादी में उनका अनुपात कुछ घट सकता है।

मगर इन संख्याओं से अधिक महत्त्वपूर्ण सवाल है कि इतने लोग रहेंगे कहाँ? दुनिया के धार्मिक भूगोल में कैसी उलटफेर होगी?

अनुमान के अनुसार 2070 तक पाकिस्तान, इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश होगा। वहाँ लगभग 46 करोड़ दस लाख मुसलमान होंगे। दूसरे स्थान पर भारत होगा, जहाँ 33 करोड़ 40 लाख मुसलमान होंगे। वही भारत, जहाँ दुनिया की सबसे बड़ी हिंदू आबादी रहती है और जहाँ हिंदू-मुस्लिम संबंध राजनीति का कभी समाप्त नहीं होने वाला विषय हैं।

सोचें, भारत और पाकिस्तान मिलकर लगभग 80 करोड़ मुसलमानों का घर होंगे। दो पड़ोसी देश, जिनके बीच विभाजन, धर्म और राष्ट्रीय पहचान के सवाल आज भी सुलझे नहीं हैं। एक इस्लामी गणराज्य है, दूसरा संवैधानिक रूप से धर्मनिरपेक्ष गणराज्य। मगर दोनों में धर्म की राजनीति निर्णायक महत्त्व रखती है।

तब भारत की स्थिति कितनी अनोखी होगी! दुनिया की सबसे बड़ी हिंदू आबादी वाला देश, दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी का भी घर। जाहिर है, भारत अपने हिंदू-मुस्लिम संबंधों को कैसे संभालता है, इसका असर केवल भारत तक सीमित नहीं रहेगा। इस्लाम के भविष्य का एक बड़ा हिस्सा उस देश में आकार लेगा, जहाँ वर्तमान सत्तारूढ़ राजनीति मात्र हिंदू पहचान को अपनी प्रमुख चुनावी ताकत मानती है।

उधर यूरोप में भी बदलाव कम दिलचस्प नहीं होगा।

अनुमान है कि यूरोप की आबादी में मुसलमानों का हिस्सा 2020 के छह प्रतिशत से बढ़कर 2070 में तेरह प्रतिशत हो सकता है। फ्रांस में हर पाँच में से एक व्यक्ति मुसलमान होगा। जर्मनी में मुसलमानों का अनुपात दोगुना होकर चौदह प्रतिशत तक पहुँच सकता है।

लेकिन यूरोप की कहानी का दूसरा पहलू भी है। यूरोपीय समाज स्वयं ईसाई धर्म से दूर हो रहा है। अनुमान है कि 2070 तक ब्रिटेन और फ्रांस में किसी धर्म को नहीं मानने वाले लोग बहुसंख्यक हो सकते हैं। यानी यूरोप की ईसाई पहचान कमजोर होगी तो उसका कारण केवल मुस्लिम प्रवासियों की बढ़ती संख्या नहीं होगा। स्वयं यूरोपीय लोगों की बदलती धार्मिक मान्यताएँ भी होंगी।

यह उस राजनीति के लिए असुविधाजनक तथ्य है, जो यूरोप की हर सांस्कृतिक बेचैनी के लिए मुसलमानों को जिम्मेदार ठहराती है।

मगर सबसे बड़ी कहानी अफ्रीका की होगी।

2070 तक सहारा रेगिस्तान के दक्षिण में बसे अफ्रीकी देशों की मुस्लिम आबादी लगभग एक अरब हो सकती है। वर्ष 2020 में यह करीब 36 करोड़ 90 लाख थी। दुनिया के एक चौथाई से अधिक मुसलमान वहाँ रहेंगे। और दुनिया के आधे से अधिक ईसाई भी।

मतलब दुनिया के दो सबसे बड़े धर्मों का भविष्य तेजी से अफ्रीका में आकार लेगा। ईसाई धर्म का प्रमुख जनसांख्यिकीय केंद्र यूरोप और अमेरिका से अफ्रीका की ओर खिसकेगा। इस्लाम की आबादी का बड़ा हिस्सा भी उन समाजों में होगा, जिनकी आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियाँ अरब देशों से बिल्कुल अलग हैं।

तब सवाल है कि दुनिया इस्लाम को किस नजर से देखेगी? क्या मुसलमानों की बढ़ती संख्या पुराने पूर्वाग्रहों को कमजोर करेगी या उन्हीं पूर्वाग्रहों को राजनीति का नया हथियार बना देगी?

याद करें, इक्कीसवीं सदी के पहले पच्चीस वर्ष इस्लाम के लिए कैसे रहे हैं। खासकर 11 सितंबर 2001 के आतंकवादी हमलों के बाद। पश्चिमी दुनिया में मुसलमान की पहचान लगातार संदेह से जोड़ी गई। उसका नाम शक पैदा कर सकता था। दाढ़ी एयरपोर्ट पर जाँच का कारण बन सकती थी। उसका पहनावा, खानपान, धार्मिक व्यवहार तक राजनीतिक बहस का विषय बन गया। इस्लाम के नाम पर आतंक फैलाने वाले कुछ संगठनों और व्यक्तियों के अपराधों का बोझ पूरे धर्म पर डालने की प्रवृत्ति बढ़ी।

आतंकवाद, सुरक्षा और कट्टरपंथ जैसे शब्द इस्लाम की चर्चा के स्थायी साथी बन गए।

लेकिन अब डर का स्वरूप बदल रहा है। पहले पूछा जाता था कि मुसलमान क्या कर सकता है। अब पूछा जा रहा है कि मुसलमान कितने हो जाएँगे!

यानी मुसलमान का कट्टरपंथी होना भी जरूरी नहीं। उसकी संख्या ही चिंता का कारण बना दी गई है। आबादी का अनुमान राजनीतिक भय में बदल रहा है।

इस बीच इस्लामी दुनिया में एक विचित्र विरोधाभास भी दिखाई दे रहा है। एक ओर मुस्लिम देशों पर बम बरसे, प्रतिबंध लगे, युद्ध हुए और सरकारें गिराई गईं। दूसरी ओर खाड़ी के कुछ मुस्लिम राजतंत्र वैश्विक पूँजीवाद के सबसे आकर्षक केंद्र बन गए।

दुबई ने विदेशी पूँजी, कारोबारियों, पर्यटकों और उनकी जीवनशैली के लिए दरवाजे खोले। सऊदी अरब ने भी अपनी कुछ पुरानी सामाजिक और धार्मिक पाबंदियाँ ढीली करनी शुरू कीं। इन देशों के शासकों ने समझा कि व्यापार, निवेश और समृद्धि के लिए बाहरी दुनिया के साथ तालमेल जरूरी है।

कैसा विरोधाभास है! बिना चुनाव के सत्ता में बैठे अरब शासक सहिष्णुता का व्यावसायिक महत्त्व समझ रहे थे, जबकि चुनाव जीतकर सत्ता में आने वाले पश्चिमी राजनेता असहिष्णुता का चुनावी महत्त्व खोज रहे थे। एक व्यापार के लिए दरवाजे खोल रहा था, दूसरा वोटों के लिए दरवाजे बंद करने की राजनीति कर रहा था।

लेकिन 2070 की मुस्लिम दुनिया का चरित्र जरूरी नहीं कि रियाद, दुबई या अंकारा तय करें।

रियाद के पास पैसा है। अंकारा के पास उस्मानी साम्राज्य का इतिहास है। इंडोनेशिया के पास उभरती एशियाई शक्ति बनने की महत्वाकांक्षा है। मगर मुसलमानों की सबसे बड़ी आबादी पाकिस्तान और अफ्रीका में होगी। वहाँ के लोगों की रोजमर्रा की चिंताएँ शाही महलों और राष्ट्रपति भवनों में पाली जाने वाली महत्वाकांक्षाओं से बिल्कुल अलग हैं।

नाइजर के किसी बेरोजगार मुस्लिम युवक के लिए सऊदी युवराज के भविष्यवादी शहरों का क्या अर्थ है? पाकिस्तान में रोजी-रोटी तलाशते नौजवान को एर्दोआन के तुर्की का वैश्विक प्रभाव बढ़ाने के सपनों से क्या मिलेगा?

धर्म एक हो सकता है, लेकिन जीवन की परिस्थितियाँ एक नहीं होतीं। एक अरब लोग एक ही धर्म को मानें, इसका अर्थ यह नहीं कि वे एक ही राजनीति, एक ही संस्कृति या एक ही भविष्य की कल्पना करते हों।

इंडोनेशिया और पाकिस्तान इसका उदाहरण हैं। इंडोनेशिया में इस्लाम मुख्यतः व्यापारियों, विद्वानों और लंबे सांस्कृतिक संपर्कों के जरिए फैला। पाकिस्तान का जन्म धार्मिक राष्ट्रीय पहचान को लेकर हुए राजनीतिक संघर्ष से हुआ। दोनों मुस्लिम बहुल देश हैं, लेकिन धर्म, समाज और राज्य के बीच उनके संबंध अलग-अलग ऐतिहासिक अनुभवों से बने हैं।

अब सोचें, 2070 में दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला पाकिस्तान कैसा होगा?

क्या वह आर्थिक आत्मविश्वास हासिल करके धार्मिक रूढ़िवाद की पकड़ ढीली कर पाएगा? क्या वहाँ रोजगार, शिक्षा, उद्योग और आधुनिक जीवन की जरूरतें धार्मिक राजनीति पर भारी पड़ेंगी? या पाकिस्तान वैसा ही देश बना रहेगा, जहाँ आर्थिक और राजनीतिक विफलताओं के जवाब भी धर्म में खोजे जाते हैं?

यही सवाल अफ्रीका के मुस्लिम समाजों के सामने भी होंगे। उनकी भाषाएँ अलग हैं, इतिहास अलग हैं, स्थानीय संघर्ष अलग हैं और महत्वाकांक्षाएँ भी अलग हैं। उन्हें केवल मुस्लिम आबादी के एक विशाल समूह के रूप में देखना उनके वास्तविक जीवन की विविधता को अनदेखा करना होगा।

तब एक और सवाल उठेगा। दुनिया के मुसलमानों की ओर से बोलेगा कौन? सऊदी अरब? तुर्की? पाकिस्तान? इंडोनेशिया? या अफ्रीका के नए प्रभावशाली देश? और उससे भी बड़ा सवाल यह कि क्या दुनिया के मुसलमानों के पास एक ही राजनीतिक आवाज में बोलने का कोई कारण होगा?

प्यू के अनुमानों का दूसरा महत्त्वपूर्ण पहलू ईसाई धर्म का भविष्य है। वर्ष 2070 तक दुनिया के आधे से अधिक ईसाई सहारा के दक्षिणी अफ्रीका में होंगे। कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के अमेरिका को पीछे छोड़कर सबसे बड़ी ईसाई आबादी वाला देश बनने की संभावना बताई गई है।

सदियों तक ईसाई और मुस्लिम संबंधों को यूरोप तथा मध्य पूर्व के इतिहास से समझा गया। धर्मयुद्ध, साम्राज्य, उपनिवेशवाद, प्रवासन और आधुनिक आतंकवाद की राजनीति ने दोनों धर्मों के संबंधों को देखने की हमारी दृष्टि बनाई। लेकिन आगे इन संबंधों का बड़ा हिस्सा अफ्रीका में तय होगा। वहाँ ईसाई और मुसलमान केवल एक भूभाग में नहीं रहते। वे गरीबी, बेरोजगारी, कमजोर शासन व्यवस्था और तेजी से बढ़ती युवा आबादी की चुनौतियाँ भी साझा करते हैं।

इन समाजों में धर्म संघर्ष का कारण बनेगा या सहयोग का आधार, यह केवल धार्मिक मान्यताएँ तय नहीं करेंगी। अर्थव्यवस्था, शिक्षा, रोजगार, शासन और राजनीतिक नेतृत्व भी तय करेंगे। इसलिए 2070 का सबसे बड़ा सवाल यह नहीं कि मुसलमान ईसाइयों से कितने अधिक हो जाएँगे। असली सवाल यह है कि आबादी के इस बदलाव के साथ दुनिया की राजनीति बदलेगी या नहीं।

क्या भविष्य की दुनिया 9/11 के बाद बनी दुनिया से कम विभाजित होगी? क्या धर्मों की बढ़ती आबादी और बदलते भूगोल के साथ पुराने पूर्वाग्रह कमजोर होंगे? या राजनीतिक नेता आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सोशल मीडिया और भय फैलाने के नए साधनों से लैस होकर धार्मिक असुरक्षा को पहले से अधिक प्रभावी चुनावी हथियार बना लेंगे?

आखिर आबादी बढ़ना अपने आप में न किसी धर्म की विजय है, न दूसरे की पराजय। लेकिन राजनीति उसे विजय और पराजय का प्रश्न बना सकती है।

और तब सभ्यताओं के अगले टकराव के लिए न सेनाओं की जरूरत होगी, न सीमाओं की। केवल अरबों ऐसे लोग पर्याप्त होंगे, जो एक-दूसरे के साथ रहते हुए भी इस विश्वास में जी रहे होंगे कि दूसरे का अस्तित्व उनके अपने अस्तित्व के लिए खतरा है।

सो, धर्मों का गणित बदलना तय है। लेकिन क्या धर्म की राजनीति भी बदलेगी? या मानवता अगले पचास वर्षों में तमाम प्रगति के बावजूद इतिहास की पुरानी मूर्खताओं को दोहराने का कोई नया तरीका खोज लेगी?

Exit mobile version