Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

तेजस्वी का श्रेय लेने का खेल

Bihar politics Tejasvi yadav

Bihar politics Tejasvi yadav

बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव को ऐसा लग रहा है कि जनता दल यू और भाजपा की ओर से बजट में मुफ्त की रेवड़ी बांटने की योजना का पता चल गया है। तभी उन्होंने पहले ही श्रेय लेने के लिए हर चीज की घोषणा शुरू कर दी है। तेजस्वी यादव ने अपनी कार्यकर्ता यात्रा के दौरान दरभंगा में एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ऐलान किया कि अगले चुनाव के बाद उनकी सरकार बनी तो वह ‘माई बहिन मान योजना’ शुरू करेगी, जिसके तहत महिलाओं को हर महीने ढाई हजार रुपए दिए जाएंगे। इससे पहले तेजस्व ने ऐलान किया था कि उनकी पार्टी की सरकार बनेगी तो हर घर को दो सौ यूनिट बिजली मुफ्त में दी जाएगी।

कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार की सरकार इन दोनों योजनाओं पर काम कर रही है। अगले साल के बजट में सरकार महिलाओं के लिए डेढ़ हजार रुपए प्रति महीने की सम्मान राशि देने की घोषणा करेगी। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और झारखंड की तरह बिहार में इसे गेमचेंजर योजना माना जा रहा है। इसी तरह स्मार्ट मीटर से परेशान लोगों को राहत देने के लिए बिजली बिल में कटौती की भी योजना है। लेकिन नीतीश कुमार की सरकार के घोषणा करने से पहले ही तेजस्वी ने दोनों योजनाओं का ऐलान कर दिया है ताकि सरकार योजना की घोषणा करे तो तेजस्वी इसका श्रेय ले सकें। उन्होंने रोजगार के मामले में भी पहले ही ऐसा नैरेटिव बनाया हुआ है। उनकी पार्टी प्रचार करती है कि तेजस्वी का मतलब रोजगार है। वे दावा करते हैं कि वे जब नीतीश कुमार के साथ रहे तभी बड़ी संख्या में लोगों को नौकरी दी गई।

Exit mobile version