राहुल गांधी ने यह कह कर केरल की राजनीति में सनसनी फैला दी है कि अगर कांग्रेस जीतती है तो वे चाहेंगे कि कोई महिला मुख्यमंत्री बनेंगे। जाहिर है अगर राहुल गांधी चाहेंगे तो कौन रोक लेगा! लेकिन राहुल की इस बात के पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित कई बड़े नेताओं की उम्मीदों पर पानी फिर गया। रमेश चेन्निथला और वीडी सतीशन सब सन्न हैं। यह भी कहा जा रहा है कि वेणुगोपाल को खुद सीएम नहीं बनना था तो चेन्निथला या सतीशन नहीं बनें इसलिए उन्होंने राहुल गांधी को कह कर महिला मुख्यमंत्री की चर्चा करवा दी है। परंतु मुश्किल यह है कि केरल में कांग्रेस के पास महिला नेताओं की घनघोर कमी है। यह भी कहा जा रहा है कि कम महिलाओं को टिकट देने के लिए हो रही आलोचना की वजह से राहुल ने यह दांव चला है। भाजपा के महिला आरक्षण की काट के तौर पर भी इसे देखा जा रहा है।
बहरहाल, कांग्रेस ने अपने कोटे की 95 सीटों में से कांग्रेस ने सिर्फ आठ या नौ महिला उम्मीदवार उतारे हैं। उनमें भी एकाध को छोड़ कर कोई प्रमुख नेता नहीं है। बहरहाल, राहुल गांधी के महिला मुख्यमंत्री की बात कहने के बाद से ही कई महिलाओं के नाम के कयास लगाए जाने लगे हैं। इनमें एक नाम जेबी मैथर का है, जो सांसद हैं। वे चुनाव नहीं लड़ रही हैं लेकिन उनके नाम की चर्चा है। इसी तरह पूर्व सांसद और दलित नेता रम्या हरिदास के नाम की भी चर्चा हो रही है। वे दलित और महिला दोनों क्राइटेरिया पूरा करती हैं। शनिमोल इस्लाम के नाम की भी चर्चा है। लेकिन राहुल गांधी मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने का जोखिम लेंगे यह नहीं माना जा रहा है। बहरहाल, यह भी देखना होगा कि कांग्रेस ने जितनी महिलाओं को टिकट दिया है उनमें से कितनी जीतती हैं और उनमें से किसी को बनाया जाता है या नहीं।
