Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अब कांग्रेस पर ‘वोट चोरी’ का आरोप

कांग्रेस पार्टी पूरे देश में घूम घूम कर ‘वोट चोरी’ के आरोप लगा रही है। उसके नेता राहुल गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को ‘वोट चोरी’ का उपक्रम बता कर पूरे बिहार में यात्रा की। दो हफ्ते तक वे एसआईआर और ‘वोट चोरी’ की यात्रा को लेकर बिहार में रहे। उन्होंने दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस करके विस्तार से ‘वोट चोरी’ के बारे में बताया। कर्नाटक की महादेवपुरा और आलंद सीट को लेकर उन्होंने प्रेजेंटेशन दिया। लेकिन विडम्बना देखिए कि अब कांग्रेस पर ही ‘वोट चोरी’ के आरोप लग रहे हैं। तेलंगाना में, जहां कांग्रेस की सरकार है वहां की मुख्य विपक्षी पार्टी भारत राष्ट्र समिति ने दावा किया है कि राज्य सरकार ‘वोट चोरी’ कर रही है। बीआरएस ने हैदराबाद की हाई प्रोफाइल जुबली हिल्स सीट को लेकर यह आरोप लगाया है।

गौरतलब है कि जुबली हिल्स सीट पर उपचुनाव हो रहा है। कांग्रेस हर हाल में यह सीट जीतना चाहती है। इस सीट से भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन लड़ते थे। लेकिन कांग्रेस को लगा कि वे जीत नहीं पाएंगे तो उनको एमएलसी बना दिया। अब नए उम्मीदवार के साथ कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। 11 नवंबर को इस सीट पर वोटिंग होनी है। उससे पहले बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष नेता केटी रामाराव ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि उसने हजारों की संख्या में फर्जी मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाए हैं। बीआरएस ने चुनाव आयोग को चिट्टी लिख कर शिकायत की है। उन्होंने कहा है कि करीब 20 हजार फर्जी वोटर बनाए गए हैं। केटी रामाराव का कहना है कि कांग्रेस ने जुबली हिल्स सीट के चार सौ बूथों में से हर बूथ पर औसतन 50 फर्जी मतदाता बनाए हैं। उन्होने लिखा है कि 12 हजार फर्जी नाम कटवाने के बाद भी सात हजार नए फर्जी नाम जोड़े गए हैं।

Exit mobile version