सोनिया गांधी ने अपनी इस किताब से एक काम जरूर किया है कि अपने परिवार को यानी नेहरू गांधी परिवार को नैतिकता के सर्वोच्च पायदान पर स्थापित किया है। प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी द्वारा किए गए गलत और विवादित फैसलों को भी इस रूप में पेश किया है, जिससे लगे कि ये फैसले करके वे लोग कितने आहत थे। ऐसे हर विवादित फैसले पर सोनिया गांधी ने अपने को ऐसे व्यक्ति रूप में पेश किया है, जिसकी राय सरकार और पार्टी से अलग और आम लोगों से मिलती जुलती हो। सोनिया गांधी ने अपने को हर विवादित मुद्दे पर पोलिटकली करेक्ट रूप में पेश किया है।
मिसाल के तौर पर बाबरी विध्वंस के मामले में सोनिया ने लिखा की वे बहुत दुखी हो गई थीं और उनके आंसू नहीं रूक रहे थे। यहां उन्होंने अपने को मुस्लिम हितों के चैंपियन रूप में पेश किया तो दूसरी ओर शाहबानो के मामले में लिखा कि उन्होंने राजीव गांधी से आपत्ति जताई थी। इस तरह कट्टरपंथी मुस्लिमों और महिलाओं के दोनों को उन्होंने ध्यान में रखा। ऐसे ही इमरजेंसी और ऑपरेशन ब्लू स्टार के मामले में लिखा कि इंदिरा गांधी को फैसले का कितना पछतावा था। सोनिया ने लिखा कि इंदिरा गांधी को उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान अमृतसर में हुई घटनाओं पर रोते देखा था। इसी तरह सोनिया ने सिख विरोधी दंगों पर राजीव गांधी के बेहद दुखी होने का भी जिक्र किया और यह भी कहा कि तत्कालीन सेना प्रमुख ने दूर से सेना बुलाई, जिसकी वजह से तैनाती में देरी हुई। गुजरात दंगों के बाद वहां के हालात देख कर उनको कितना दुख हुआ था यह भी उन्होंने विस्तार से लिखा है। कह सकते हैं कि हर विवादित मामले में उन्होंने परिवार को बचाने का प्रयास किया है। उनके लिखने का आशय यह है कि हर विवादित फैसले का एक सार्वजनिक पहलू है और एक निजी पहलू है।
