Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सपा और भाजपा की एक दूसरे पर नजर

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो गई है। अगर सब कुछ तय समय के हिसाब से हुआ तो फरवरी में विधानसभा के चुनाव होंगे और मार्च के पहले हफ्ते में नतीजे आएंगे, जैसे पिछली बार आए थे। उससे पहले अब चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सभी पार्टियां उम्मीदवारों के नाम तय करने में लगी हैं। यह सबको पता है कि इस बार का उत्तर प्रदेश का चुनाव समाजवादी पार्टी और भाजपा दोनों के लिए करो या मरो का है। अगर सपा लगातार तीसरी बार हार कर सत्ता से बाहर रहती है तो उसके कैडर और वोट आधार दोनों में बिखराव होगा। ऐसे ही अगर भाजपा हारती है तो केंद्र की अल्पमत सरकार भी दबाव में आएगी। अगले दो साल के लिए नरेंद्र मोदी लेम डक प्रधानमंत्री बन कर रह जाएंगे। इसलिए दोनों पार्टियां तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। दोनों की नजर एक दूसरे की तैयारी पर है और एक दूसरे के उम्मीदवारों पर है। दोनों इंतजार कर रहे हैं कि कौन कैसा उम्मीदवार उतारता है।

समाजवादी पार्टी के मजबूत असर वाली करीब एक सौ सीटें हैं। इसमें रूहेलखंड इलाके की रामपुर, मुरादाबाद आदि की सीटें हैं, जो मुस्लिम बहुल हैं तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सहारनपुर, बिजनौर, संभल, कैराना आदि की भी मुस्लिम बहुल सीटें हैं। इनके अलावा मुलायम सिंह के परिवार के असर वाली सीटें हैं, जो कन्नौज, मैनपुरी, इटावा, बदायूं आदि की हैं। करीब डेढ़ दर्जन जिलों में फैली इन एक सौ सीटों पर मुस्लिम और यादव मतदाताओं की संख्या इतनी है कि वे नतीजों में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। जानकार सूत्रों का कहना है कि भाजपा इन सीटों पर पहले उम्मीदवार नहीं उतारेगी। वह इंतजार करेगी सपा के उम्मीदवारों का। जिन सीटों पर सपा की ओर से मुस्लिम और यादव उम्मीदवार दिया जाएगा उन सीटों पर भाजपा गैर यादव पिछड़ा या सामान्य वर्ग का उम्मीदवार उतारेगी। इसका मकसद अखिलेश यादव के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वोट आधार में सेंध लगाना है। भाजपा को अंदाजा है कि पार्टी के चुनाव चिन्ह से ज्यादा अहम उम्मीदवार की जाति होने वाली है।

ऐसे ही कहा जा रहा है कि जिन सीटों पर सपा की ओर से गैर यादव पिछड़ा उम्मीदवार दिया जाएगा वहां भाजपा कोई सवर्ण या दलित उम्मीदवार दे सकती है। कुछ जानकारों का कहना है कि गैर यादव पिछड़ों के सामने भाजपा यादव उम्मीदवार भी दे सकती है। लेकिन इसकी संभावना कम है क्योंकि भाजपा को पता है कि इस बार के चुनाव में यादव और मुस्लिम वोट टूटने की संभावना बहुत कम है। इसलिए भाजपा की ओर से यादव उम्मीदवार कम ही होंगे। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि सपा की ओर से भी इस बार यादव और मुस्लिम उम्मीदवार कम ही होंगे। अखिलेश यादव गैर यादव पिछ़ड़ों, दलितों और सवर्ण जातियों को ज्यादा टिकट देंगे। वे भी इस बार मुस्लिम और यादव वोट को लेकर पहले से ज्यादा आश्वस्त हैं। बहरहाल, भाजपा के जानकार नेताओं का कहना है कि पार्टी इस बार सपा के बागियों पर भी नजर रखे हुए है। खास कर उन इलाकों में जहां सपा का मजबूत आधार है। ऐसी करीब एक सौ सीटों पर अखिलेश यादव की पार्टी से टिकट के कई दावेदार हैं। जिनको टिकट नहीं मिलेगी उनमें से किसी मजबूत उम्मीदवार को भाजपा अपनी पार्टी से लड़ा सकती है। हालांकि इससे भाजपा के अंदर भितरघात की संभावना भी बढ़ेगी। जो हो इस बार टिकट का बंटवारा सभी पार्टियों के लिए बहुत बड़ा सिरदर्द रहने वाला है। दोनों पार्टियों को पता है कि कोई लहर नहीं है। ऐसे में उम्मीदवार महत्वपूर्ण हो जाता है।

Exit mobile version