Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उत्तर प्रदेश में क्या हो रहा है?

ऐसा लग रहा है कि उत्तर प्रदेश में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। सरकार के स्तर पर तो कई चीजें बिगड़ी हुई दिख रही हैं। पिछले दिनों राज्य के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एसपी गोयल को मुख्य सचिव बनाया गया। लेकिन एक हफ्ते के बाद ही वे अचानक लंबी छुट्टी पर चले गए। किसी को कारण नहीं पता है। उनका कार्यभार दूसरे अधिकारी को सौंपा गया है। अगर कोई निजी इमरजेंसी होती तो वे बता कर जाते। लेकिन ऐसा लग रहा है कि सरकार के अंदर कुछ ऐसा हुआ है, जिसकी वजह से उनको अचानक छुट्टी पर जाना पड़ा। सवाल है कि ऐसा क्या हुआ?

ध्यान रहे उनकी नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठा था। पहले कहा जा रहा था कि तत्कालीन मुख्य सचिव मनोज कुमार को सेवा विस्तार मिल रहा है। आखिरी समय तक उनको सेवा विस्तार मिलने की चर्चा रही लेकिन ऐन उनके रिटायर होने के दिन एसपी गोयल की नियुक्ति की घोषणा कर दी गई। अब एसपी गोयल लंबी छुट्टी पर गए हैं। उधर पुलिस महकमे में पुलिस प्रमुख कार्यवाहक के रूप में ही काम कर रहे हैं। मंत्रियों के भीतर भी सब कुछ ठीक नहीं होने की चर्चा है। पहले दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तनातनी चल रही थी तो अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी अधिकारी रहे बिजली मंत्री एके शर्मा भी उस श्रेणी में शामिल हो गए हैं।

Exit mobile version