मुंबई इंडियंस (एमआई) के लिए आईपीएल 2026 के बीच अच्छी खबर आई है। इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर विल जैक्स एमआई टीम से जुड़ गए हैं। मुंबई इंडियंस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सोमवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 99 रनों से जीत दर्ज की।
‘क्रिकबज’ की खबर के अनुसार, विल जैक्स को मुंबई इंडियंस के बाकी खिलाड़ियों संग मैदान पर प्रैक्टिस करते हुए देखा गया है। जैक्स का टीम से जुड़ना एमआई के लिए राहत भरी खबर है। जैक्स का प्रदर्शन टी20 विश्व कप 2026 में शानदार रहा था। उन्होंने 8 मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 176 के स्ट्राइक रेट से 226 रन बनाए थे। वहीं, गेंद से भी उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा था।
जैक्स ने 8 मुकाबलों में कुल 9 विकेट चटकाए थे। एमआई इंग्लिश खिलाड़ी से आईपीएल 2026 के बचे हुए मुकाबलों में भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। जैक्स 23 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में एमआई की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हो सकते हैं। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 में अब तक 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 2 में जीत और 4 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। सीजन में लगातार चार हार के बाद एमआई ने टूर्नामेंट के 30वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ धमाकेदार जीत दर्ज की।
Also Read : मलेशियन क्रिकेट एसोसिएशन ने शुरू किया नेशनल क्रिकेट सेंटर
एमआई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 199 रन लगाए। टीम की तरफ से तिलक वर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 101 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, नमन धीर ने 32 गेंदों में 45 रनों का योगदान दिया। हालांकि, एमआई के बल्लेबाजों के साथ-साथ इस मुकाबले में टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन भी उम्दा रहा। अश्वनी कुमार ने बेहतरीन स्पेल डालते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, अल्लाह गजनफर ने 17 रन खर्च करते हुए 2 विकेट चटकाए।
200 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की पूरी टीम महज 100 रन बनाकर ऑलआउट हुई। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल इतिहास की रनों के लिहाज से यह चौथी सबसे बड़ी जीत दर्ज की, जबकि यह गुजरात टाइटंस की सबसे बड़ी हार भी रही।
Pic Credit : ANI
