Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बिहार भाजपा के सांसद कांग्रेस में शामिल

नई दिल्ली। बिहार में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। मुजफ्फरपुर सीट से भाजपा के सांसद अजय निषाद ने मंगलवार को कांग्रेस ज्वाइन कर लिया। इससे पहले भाजपा ने उनको टिकट नहीं देने का फैसला किया था, जिससे वे नाराज थे। मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह भी मौजूद रहे।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद अजय निषाद ने कहा कि अगर पार्टी आदेश देती है तो वे लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। माना जा रहा है कि कांग्रेस उनको मुजफ्फरपुर सीट से चुनाव लड़ाएगी। कांग्रेस में शामिल होने से थोड़ी देर पहले ही अजय निषाद ने पार्टी से इस्तीफा दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- भाजपा द्वारा छल किए जाने से छुब्ध होकर मैं पार्टी के सभी पद के साथ प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा देता हूं…।

इस बीच यह भी खबर है कि भाजपा के एक और सांसद भी पार्टी छोड़ कर कांग्रेस में जा सकते हैं। बिहार की सासाराम सीट से भाजपा के सांसद छेदी पासवान के भी कांग्रेस में शामिल होने की खबर है। इस बार छेदी पासवान को भी भाजपा ने टिकट नहीं दिया है, जिससे वे नाराज चल रहे हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीरा कुमार छेदी पासवान की कांग्रेस में एंट्री को लेकर नाराज हैं। यह अलग बात है कि मीरा कुमार खुद सासाराम सीट से नहीं लड़ना चाहती हैं। वे अपने बेटे के लिए काराकाट सीट चाहती थीं, जो राजद ने नहीं छोड़ी।

Exit mobile version