Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का विस्तार कल होगा

Devendra Fadnavis

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में देवेंद्र फड़नवीस सरकार का विस्तार शनिवार, 14 दिसंबर को हो सकता है। मुख्यमंत्री के रूप में फड़नवीस और उप मुख्यमंत्री के रूप में एकनाथ शिंदे और अजित पवार के शपथ लेने के नौ दिन के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। इन तीनों की शपथ पांच दिसंबर को हुई थी। उससे पहले 23 नवंबर को महाराष्ट्र के नतीजे आए थे। बहरहाल, मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने गुरुवार को कहा कि कैबिनेट विस्तार का फॉर्मूला तय हो गया है।

राज्य के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने बताया कि शनिवार, 14 दिसंबर को कैबिनेट का विस्तार होगा। हालांकि विभागों के बंटवारे पर अब भी फैसला नहीं हुआ है। फड़नवीस ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संसद में मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने बुधवार देर रात को अमित शाह से मुलाकात की थी। बाद में गुरुवार के अजित पवार भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले। हालांकि दूसरे उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दिल्ली नहीं पहुंचे। गृह मंत्रालय को लेकर वे अब भी नाराज बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि अमित शाह और फड़नवीस की मुलाकात के दौरान मंत्रिमंडल का फॉर्मूला लगभग तय हो चुका है। गुरुवार को उस पर फाइनल मुहर लगने की खबर है। जानकार सूत्रों के मुताबिक महाराष्ट्र में तय फॉर्मूले के मुताबिक भाजपा को 20, शिव सेना को 12 और एनसीपी को 10 मंत्री पद दिए जा सकते हैं। राज्य में मुख्यमंत्री सहित कुल 43 मंत्री हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा गृह, राजस्व, उच्च शिक्षा, कानून, ऊर्जा, ग्रामीण विकास अपने पास रखना चाहती है। उन्होंने शिव सेना को स्वास्थ्य, शहरी विकास, सार्वजनिक कार्य, उद्योग का प्रस्ताव किया है। अजित पवार की पार्टी को वित्त, योजना, सहयोग, कृषि जैसे विभाग देने की पेशकश की गई है।

Exit mobile version