Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कई राज्यों में बारिश से बाढ़ के हालात

नई दिल्ली। उतर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड और महाराष्ट्र से गुजरात तक लगातार बारिश से बाढ़ के हालात बन गए हैं। हर जगह इमारत गिरने, जल जमाव से जीवन अस्तव्यस्त होने और लोगों के मरने की खबर है। उत्तर प्रदेश में तेज बारिश के चलते कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित लखीमपुर खीरी है। वहां पांच तहसीलों के साढ़े तीन सौ गांवों में पानी घुस गया है। शनिवार को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के चलते चार लोगों की मौत हो गई।

उत्तराखंड के नई टिहरी में भूस्खलन से एक मां, बेटी की मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के एक गांव में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र में 24 जुलाई को पुणे में हुई भारी बारिश में बहे 26 साल के शख्स का शव शनिवार को बरामद हुआ। पुणे में बुधवार से अब तक छह लोगों की मौत हो गई है। वहीं नवी मुंबई में एक इमारत ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

मौसम विभाग ने रविवार को 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और केरल में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा एक दर्जन से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुल मिला कर मौसम विभाग ने 22 राज्यों में भारी या बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। इसमें पूर्वोत्तर के कई राज्य शामिल हैं।

Exit mobile version