Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर त्रिपुरा में जेन जी का प्रदर्शन

त्रिपुरा के अगरतला में जेनरेशन जेड (जेन-जी) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में ज्यादातर विद्यार्थी थे।

रविवार देर शाम हुए इस प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी श्री कुमार को पद से हटाने और चुनाव प्रणाली में बदलाव की मांग कर रहे थे। पुलिस ने हालांकि स्थिति को संभाल लिया लेकिन अगरतला के सर्किट हाउस इलाके में वीआईपी रोड पर यातायात बाधित हुआ और जाम की स्थिति बन गयी। प्रदर्शन में कम संख्या में लोगों के शामिल होने के बावजूद, इसे त्रिपुरा में मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग को लेकर जारी आंदोलन की दोबारा शुरुआत के रूप में देखा गया।

प्रदर्शनकारियों में ज्यादातर 20 से 22 वर्ष की आयु के युवा शामिल थे। इनमें माध्यमिक विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी थे। प्रदर्शन के आयोजकों की पहचान और इसमें किसी सहयोगी संगठन या समूह की भागीदारी के बारे में जानकारी सामने नहीं आई।

Also Read : छात्रावास में लाठीचार्ज को लेकर केरल विधानसभा में हंगामा

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विद्यार्थी समूह का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक श्री कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से इस्तीफा नहीं दे देते और चुनाव प्रणाली में बदलाव नहीं किया जाता।

विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक सिद्धांतों में विश्वास रखने वाले त्रिपुरा के सभी नागरिकों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने अपने इस प्रयास को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए उठाया गया कदम बताया। विद्यार्थीों ने अपने घोषित उद्देश्य को हासिल करने के लिए आंदोलन जारी रखने की प्रतिबद्धता भी जतायी।

इस प्रदर्शन की खास बात इसमें युवा विद्यार्थी की भागीदारी रही, हालांकि इसमें शामिल होने वाले लोगों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। इस घटना से विद्यार्थियों के व्यापक अभियान को स्थानीय स्तर पर एक नया आयाम मिला है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि आंदोलन कुछ लोगों तक सीमित रहता है या त्रिपुरा में इसे व्यापक जनसमर्थन मिलता है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version