Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बाइडेन के बाद पुतिन से मोदी ने बात की

modi (8)

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन से बातचीत करने के एक दिन बाद मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की है। दोनों के बीच यूक्रेन युद्ध को लेकर भी चर्चा हुई। इससे पहले बाइडेन से मोदी ने बांग्लादेश के हालात और यूक्रेन युद्ध को लेकर बात की थी। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी चार दिन पहले ही यूक्रेन के दौरे से लौटे हैं। यूक्रेन दौरे में उन्होंने शांति बहाली की अपील की थी।

बहरहाल, मोदी ने पुतिन से वार्ता के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंगलवार को जानकारी दी। उन्होंने लिखा- पुतिन से भारत व रूस की स्पेशल और स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप को मजबूत करने को लेकर बात की। उनसे रूस और यूक्रेन जंग को लेकर भी विचार साझा किए। दो महीने दूसरी बार प्रधानमंत्री मोदी ने जंग रोकने को लेकर रूस के राष्ट्रपति पुतिन से बात की। इससे पहले मोदी आठ जुलाई को रूस दौरे पर गए थे। तब भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर चर्चा हुई थी। मोदी ने कहा था- ये समय जंग का नहीं है।

पुतिन से टेलीफोन पर बातचीत के बारे में बताते हुए मोदी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में किए यूक्रेन दौरे के बारे में भी पुतिन को जानकारी दी। उन्होंने जंग का शांतिपूर्ण समाधान करने को लेकर भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से भी बातचीत की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन में शांति और स्थिरता के लिए भारत के समर्थन की बात दोहराई थी। मोदी और बाइडेन के बीच बांग्लादेश के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। मोदी और बाइडेन ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, विशेष रूप से हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

गौरतलब है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पिछले हफ्ते भारतीय पत्रकारों से बातचीत की थी। उन्होंने कहा था कि यूक्रेन जंग के समाधान के लिए दूसरा शांति सम्मलेन भारत में होना चाहिए। जेलेंस्की ने इसे लेकर प्रधानमंत्री मोदी से बात की थी। दरअसल यूक्रेन की कोशिश है कि दूसरा शांति सम्मेलन ग्लोबल साउथ देशों में होना चाहिए। जेलेंस्की ने बताया था कि दूसरे शांति सम्मेलन के आयोजन के लिए भारत के अलावा सऊदी अरब, कतर, और तुर्किये के साथ भी बातचीत चल रही है।

Exit mobile version