Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राहुल पर बयान को लेकर कांग्रेस का पलटवार

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे के लोकसभा में दिए बयान को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर हमला किया है। निशिकांत दुबे ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर कई आरोप लगाए थे। इसे लेकर कांग्रेस सांसद और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि आज लोकसभा में जो हुआ, वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था।

वेणुगोपाल ने कहा- स्पीकर ने शून्यकाल में भाजपा के निशिकांत दुबे को बोलने की अनुमति दी। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। संसद के इतिहास में इस तरह की भाषा का कभी इस्तेमाल नहीं हुआ। उन्होंने कहा- राहुल गांधी पहले दिन से अडानी का मुद्दा उठा रहे हैं और अडानी के एजेंट राहुल को गालियां दे रहे हैं। अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने वालों को माफी मांगनी चाहिए। स्पीकर इनके खिलाफ एक्शन लें।

इससे पहले निशिकांत दुबे ने आरोप लगाते हुए कहा था- मैं विपक्ष के नेता से ओपन सोसाइटी फाउंडेशन के सलिल चौधरी से संबंधों पर 10 सवाल पूछना चाहता हूं। क्या उन्होंने (सलिल चौधरी) भारत जोड़ो यात्रा के लिए पैसा नहीं दिया? निशिकांत ने आगे कहा- राहुल अमेरिका गए थे और वहां मुश्फिकुल फजल से मिले। फजल, बांग्लादेश में हत्याओं के लिए जिम्मेदार हैं। राहुल इल्हान उमर, रो खन्ना और बारबरा ली से मिले थे। ये लोग अमेरिका में मोदी के कार्यक्रमों का विरोध करते हैं। निशिकांत दुबे ने राहुल पर आरोप लगाते हुए कहा- आप उन लोगों से मिले, जो खालिस्तान बनाना चाहते हैं और कश्मीर का विभाजन कराना चाहते हैं।

Exit mobile version