चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से एक साल पहले भारतीय जनता पार्टी ने राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी और अपनी पुरानी सहयोगी अन्ना डीएमके से गठबंधन की घोषणा कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद गठबंधन का ऐलान किया। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि 2026 में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव अन्ना डीएमके प्रमुख ई पलानीस्वामी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। उन्होंने सीटों बंटवारे के बारे में कहा कि इस पर बाद में चर्चा होगी। शाह ने यह भी कहा कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम बन सकता है।
बहरहाल, पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री ई पलानीस्वामी ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की थी। उस मुलाकात में गठबंधन का फैसला हुआ था। हालांकि उससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने गठबंधन का संकेत दे दिया था। जयललिता की जयंती के मौके पर 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया पोस्ट से भी एलांयस की अटकलों को बल मिला था। अब इसकी आधिकारिक घोषणा हो गई है। ई पलानीस्वामी मुख्यमंत्री के दावेदार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि पिछले चुनाव में यानी 2021 में अन्ना डीएमके के साथ एलायंस में भाजपा 20 सीटों पर लड़ी थी और उसे चार सीटें मिली थीं। अन्ना डीएमके 191 सीटों पर लड़ी थी और उसे 66 सीटें मिली थीं।
गठबंधन की घोषणा करते हुए शुक्रवार को अमित शाह ने कहा कि अन्ना डीएमके की कोई मांग नहीं है, न ही भाजपा उनके अंदरूनी मामलों में कोई दखल देगी। उन्होंने कहा कि अन्ना डीएमके का एनडीए में शामिल होना दोनों के लिए ही बहुत फायदेमंद है। अमित शाह ने कहा, ‘अगला चुनाव डीएमके सरकार के भ्रष्टाचार, दलितों पर, महिलाओं पर अत्याचार के आधार लड़ा जाएगा। लोग डीएमके से घोटालों पर जवाब मांग रहे हैं, चुनाव में इन्हीं मुद्दों पर जनता वोट देगी’।
Also Read: ऋतिक रोशन ने की ‘द लास्ट फाइव इयर्स’ में निक जोनास की तारीफ
गौरतलब है कि सितंबर 2023 में तमिलनाडु के प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई की कुछ टिप्पणियों से नाराज होकर अन्ना डीएमके ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था। बहरहाल, शुक्रवार को चेन्नई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक सवाल के जवाब में अमित शाह ने कहा, ‘कुछ मुद्दों पर एआईएडीएमके के अलग अलग रुख हैं। लेकिन इस पर हम बैठकर चर्चा करेंगे, जरूरत पड़ी तो न्यूनतम साझा कार्यक्रम यानी सीएमपी भी बनाया जा सकता है।
इस बीच खबर है कि अन्नामलाई की जगह तिरुनेलवेली से भाजपा विधायक नयनार नागेंद्रन भाजपा के अगले प्रदेश अध्यक्ष बन सकते हैं। नागेंद्रन पहले अन्ना डीएमके में रह चुके हैं। उनके बनने से गठबंधन को मजबूती मिलने की संभावना है। नागेंद्रन के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन अमित शाह के एक सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक नयनार नागेंद्रन का नाम मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष के अन्नामलाई ने प्रस्तावित किया था।
Pic Credit: ANI