Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

विपक्ष का संसद परिसर में प्रदर्शन

नई दिल्ली। 18वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन सांसदों की शपथ होनी थी इसके बावजूद विपक्ष ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। भाजपा के सात बार के सांसद भ्रतृहरि महताब को प्रोटेम स्पीकर बनाए जाने के विरोध में कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों के सांसदों ने सोमवार को महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने संविधान की प्रतियां लहराईं और संविधान बचाने की नारेबाजी की। विपक्षी सांसदों ने कहा कि सरकार ने नियमों के खिलाफ जाकर प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है। नियम के मुताबिक, कांग्रेस के कोडिकुन्निल सुरेश को प्रोटेम स्पीकर बनाया जाना था, क्योंकि वे आठ बार के सांसद हैं, जबकि महताब सात बार के ही सांसद हैं।

विपक्ष के इस प्रदर्शन में सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी भी शामिल हुए। राहुल गांधी ने बाद में कहा- प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह, जो आक्रमण संविधान पर कर रहे हैं, वो हमारे लिए स्वीकार्य नहीं है। हम ये आक्रमण नहीं होने देंगे। हिंदुस्तान के संविधान को कोई शक्ति नहीं छू सकती। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा- प्रधानमंत्री ने संविधान को तोड़ने की कोशिश की है। संविधान को बचाने के लिए जनता हमारा साथ दे रही है। देश में फिलहाल हर लोकतांत्रिक नियम को तोड़ा जा रहा है। आज हम गांधी जी की प्रतिमा के सामने इकट्ठे हुए हैं। हम मोदी जी को बता रहे हैं कि आप संविधान के तहत चलिए।

Exit mobile version