Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दक्षिणी चीन में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में 39 लोगों की मौत

चीन में उष्णकटिबंधीय तूफान ‘मेसाक’ के प्रभाव से हुई मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ में 39 लोगों की मौत हो गई है। दक्षिणी चीन के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। आने वाले दिनों में तूफान ‘मेसाक’ के देश के पूर्वी तट और ताइवान के तट से टकराने की संभावना है।

दक्षिणी चीन के नैनिंग शहर के उप महापौर डिंग वेई ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि अधिकतर लोगों की मौत हेंगझोऊ में हुई, जहां एक जलाशय का बांध आंशिक रूप से टूट जाने से तेज बहाव से पानी शहर में घुस गया और 26 लोगों की जान चली गई जबकि गुआंग्शी क्षेत्र में नौ लोग अब भी लापता हैं।

शनिवार से गुआंग्शी में उष्णकटिबंधीय तूफान ‘मेसाक’ के प्रभाव से रिकॉर्ड बारिश हुई जिससे जलाशयों में जलस्तर बढ़ गया और लोग कई दिनों तक अपने अपने घरों और अन्य इमारतों में फंसे रहे। मंगलवार को मृतक संख्या छह बताई गई थी।

वहीं एक अन्य चक्रवाती तूफान ‘बावी’ समुद्र में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। यह तूफान जापान के कुछ सुदूरवर्ती द्वीपों और फिर ताइवान के ठीक उत्तर से गुजरते हुए शनिवार को चीन के फुजियान या झेजियान प्रांत से टकराने वाला था।

ताइवान के केंद्रीय मौसम प्रशासन के अनुसार इस हफ्ते की शुरुआत में साइपन और अमेरिका के अन्य इलाकों में ‘बावी’ तूफान के प्रभाव से तेज हवाएं चली थीं लेकिन बृहस्पतिवार को इसकी तीव्रता कम हो गई।

Also Read : होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के बावजूद भारत का कच्चा तेल आयात मजबूत

तूफान के कारण फिलीपीन के कई शहरों और कस्बों में कक्षाएं रोक दी गईं और उत्तरी बंदरगाहों से जहाजों के निकलने पर रोक लगा दी गई।

दक्षिणी चीन में, सैन्य बचाव दल ने गुइगांग शहर के स्कूलों के एक समूह से 10,000 से अधिक फंसे हुए छात्रों और शिक्षकों को बाहर निकाला। यह शहर हेंगझोऊ से लगभग 60 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में है। सरकारी प्रसारक ‘सीसीटीवी’ के वीडियो में चमकीले नारंगी रंग की लाइफ वेस्ट पहने छात्र नावों पर चढ़ते हुए दिख रहे हैं। बाढ़ में कई पशु भी फंस गए या बह गए।

गुइगांग के एक चिड़ियाघर ने बताया कि 100 से अधिक जानवर गायब हैं। पीने का पानी और दूसरी जरूरी चीजें पहुंचाने और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। इसके लिए ड्रोन और लगभग 5,700 नावों का इस्तेमाल किया गया। करीब 1,30,000 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है।

डिंग ने बताया कि बाढ़ का पानी धीरे धीरे कम हो रहा है, लेकिन अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में और बारिश होने की संभावना है। हेंगझोऊ के कई कस्बों में कीचड़ और मलबा हटाने और कीटाणुनाशक छिड़कने के लिए कई टीम तैनात की गई है।

डिंग ने बताया कि सड़कों की मरम्मत का काम जारी है और 60,000 से अधिक घरों में बिजली बहाल कर दी गई है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version