Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ईरानी राष्ट्रपति 27 अक्टूबर को पुतिन से करेंगे मुलाकात

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन मंगलवार को मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे। ईरानी मीडिया ने रूस में ईरान के राजदूत काजेम जलाली के हवाले से शनिवार को यह जानकारी दी।

गौरतलब है कि श्री पेजेशकियन गैस निर्यात करने वाले देशों के एक शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए वहां जा रहे हैं। तस्नीम समाचार एजेंसी ने श्री जलाली के हवाले से बताया कि दोनों नेताओं के बीच आर्थिक सहयोग और भू-राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि तेहरान और मॉस्को के बीच बातचीत अगले सप्ताह भी जारी रहेगी, जिसमें दोनों राष्ट्रपति हिस्सा लेंगे। यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद से ईरान और रूस के संबंध और मजबूत हुए हैं। दोनों देशों पर पश्चिमी देशों की ओर से कड़े प्रतिबंध लगे हुए हैं और उन्होंने अपने आर्थिक सहयोग को बढ़ाने तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर एक जैसी राय रखने की कोशिश की है।

Also Read : फिलीपींस में प्रशिक्षण के दौरान वायुसेना के दो विमान दुर्घटनाग्रस्त

श्री जलाली ने बताया कि चर्चा के एजेंडे में अंतर्राष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा इंटरनेशनल, ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा तथा द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने के प्रयास शामिल होंगे। रूसी सरकारी समाचार एजेंसी रिया नोवोस्ती के अनुसार उन्होंने कहा कि राष्ट्रपतियों की इस मुलाकात के दौरान किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर होने की योजना नहीं है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इस सप्ताह की शुरुआत में तेहरान का दौरा किया था और श्री अराघची तथा श्री पेजेशकियन के साथ बातचीत की थी। श्री अराघची ने बताया कि बातचीत में द्विपक्षीय संबंध, क्षेत्रीय घटनाक्रम और अंतरराष्ट्रीय मामलों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने पहले से मौजूद समझौतों को लागू करने और राजनीतिक तथा आर्थिक सहयोग को विस्तार देने पर जोर दिया।

रूस और ईरान ने जनवरी 2025 में श्री पेजेशकियन की मॉस्को यात्रा के दौरान एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी संधि पर हस्ताक्षर किए थे। इससे ऊर्जा, परिवहन, रक्षा, सुरक्षा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग के लिए एक ढांचा तैयार हुआ है। यह प्रस्तावित मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब मध्य पूर्व में तनाव काफी बढ़ा हुआ है। श्री पुतिन ने अक्टूबर की शुरुआत में कहा था कि रूस, अमेरिका, इजराइल और ईरान से जुड़े युद्ध को समाप्त करने के लिए मध्यस्थता के प्रयासों में शामिल होने को तैयार है। तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार गैस निर्यात करने वाले देशों के मंच का शिखर सम्मेलन मंगलवार 27 अक्टूबर को मॉस्को में आयोजित होने वाला है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version