Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

फिलीपींस में प्रशिक्षण के दौरान वायुसेना के दो विमान दुर्घटनाग्रस्त

फिलीपींस की राजधानी मनीला के दक्षिण में वायुसेना अड्डे पर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दो एसएफ-260 विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद वायुसेना के चार पायलटों की मौत हो गयी।

फिलीपींस वायुसेना (पीएएफ) ने शनिवार को बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार अपराह्न करीब 3:51 बजे बातांगास प्रांत स्थित फर्नांडो एयर बेस पर हुई। दोनों विमान वायुसेना अड्डे की सीमा के भीतर ही गिर गये। इस घटना में किसी अन्य के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों में बताया गया कि दोनों विमानों के बीच हवा में टक्कर हुई थी, लेकिन वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों की पुष्टि नहीं की है।पीएएफ ने कहा कि दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। एहतियाती कदम के तौर पर जांच पूरी होने तक एसएफ-260 विमानों के पूरे बेड़े की उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी गयी हैं।

Also Read : नासा कर रहा है 2028 में चांद पर अंतरिक्ष यात्रियों के उतारने की तैयारी

वायुसेना ने कहा कि मृतक पायलटों के परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए उनके साथ समन्वय किया जा रहा है। साथ ही, आम लोगों से परिवारों की निजता का सम्मान करने की अपील की गयी है। पायलटों की पहचान उजागर नहीं की गई और न ही दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में अतिरिक्त जानकारी दी गयी।

फिलीपींस में एसएफ-260 प्रशिक्षण विमानों से जुड़ी यह हाल की एक और घातक दुर्घटना है। मई में देश के उत्तरी हिस्से के एक पहाड़ी इलाके में एसएफ-260 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दो पायलटों की मौत हुई थी। इससे पहले, 2023 में प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एक अन्य एसएफ-260 टीपी मार्चेटी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दो पायलटों की जान चली गई थी।

फिलीपींस सेना ने 2017 में दक्षिणी शहर मरावी के कुछ हिस्सों पर कब्जा करने वाले इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकवादियों के खिलाफ हवाई अभियानों में भी एसएफ-260 विमानों का इस्तेमाल किया था।

शुक्रवार को हुई दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। वायुसेना ने यह भी नहीं बताया कि जिन विमानों की उड़ानें रोकी गई हैं, वे दोबारा कब परिचालन शुरू करेंगे।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version