Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कांग्रेस कार्य समिति की आज होगी बैठक

Congress manifesto

Congress manifesto

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद से कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के नेताओं की बैठकों का दौर जारी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को बेंगलुरू गए, जहां उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़े सभी उम्मीदवारों के साथ एक बैठक की। इस बीच शुक्रवार को बताया गया कि कांग्रेस कार्य समिति की बैठक शनिवार यानी आठ जून को होगी। कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में चुनाव नतीजों की समीक्षा की जाएगी। बताया जा रहा है कि लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता के नाम पर भी इसमें विचार हो सकता है।

इससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस को एक निर्दलीय सांसद का समर्थन मिल गया। महाराष्ट्र के सांगली से निर्दलीय चुनाव जीतने वाले विशाल पाटिल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करके कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को समर्थन देने का ऐलान किया। वे सोनिया और राहुल गांधी से भी मिले। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी शुक्रवार को सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन को लेकर इसमें चर्चा हुई। मुलाकात के बाद कमलनाथ ने कहा- हम चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार पर नजर बनाए हुए हैं कि वे क्या कर रहे हैं।

Exit mobile version