सीवान। बिहार के सीवान में पटाखे की एक फैक्टरी में धमाका हो गया। दिवाली की मांग को पूरा करने के लिए भारी मात्रा में पटाखे बनाए गए थे, जिसकी वजह से डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक धमाके होते रहे इस धमाके में पति, पत्नी और एक बेटी की मौत हो गई। इनके अलावा चार अन्य लोगों की भी मौत हुई। इस तरह देऱ शाम तक मिली सूचना के मुताबिक सात लोगों की मौत हुई।
बताया गया है कि सीवान के जामो थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव के एक मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक धमाके होने लगे। इस धमाके में पूरा मकान उड़ गया। लोगों के शव सड़क पर बिखर गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे तक रुक रुककर धमाके होते रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता, महाराजगंज एसडीपीओ अमन और बड़हरिया, जामो, गोरेयाकोठी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
एसडीपीओ ने बताया कि दमकल की गाड़ियां की मदद से आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। आग पर काबू पाने के बाद मामले की जांच की जाएगी। एसपी भारत सोनी ने बताया कि अब तक शवों की पहचान नहीं हो सकी है। बताया गया है कि करीब 20 साल पहले वहां पटाखा बनाने का लाइसेंस मिला था। हालांकि, फिलहाल लाइसेंस वैध है या नहीं इसकी जांच की जा रही है। जिस मकान में पटाखे बनाए जा रहे थे, वह घनी आबादी वाले इलाके में है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



