राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

बारिश बनी आफत

नई दिल्ली। देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्से में भारी बारिश से तबाही मची है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कई जगह भूस्खलन और मकान गिरने की घटनाएं हुई हैं। बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की अलग अलग घटनाओं में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है। अभी तत्काल इस बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं दिख रही है। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब और जम्मू कश्मीर में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर भारत में भारी बारिश हुई है।

रविवार को हुई भारी बारिश में हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कोटगढ़ में एक मकान गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। कुल्लू में भूस्खलन की वजह से एक बन रहा मकान गिर गया, जिसके नीच दब कर एक महिला की मौत हो गई। इससे पहले शनिवार की रात को चंबा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए कुल्लू-मनाली रोड को बंद कर दिया गया है। हिमाचल प्रदेश में कुल सात सौ से ज्यादा सड़कें बंद की गई हैं।

उत्तराखंड में भी भारी बारिश से तबाही मची है। टिहरी गढ़वाल में भूस्खलन की वजह से एक गाड़ी नदी में गिर गई, जिसमें सवार तीन लोग लापता हैं। यह गाड़ी ऋषिकेश और केदारनाथ जा रही थी। राज्य सरकार ने बारिश की स्थिति को देखते हुए तीर्थयात्रियों को अपनी यात्रा रोकने को कहा है। उधर जम्मू कश्मीर में भारी बारिश की वजह से लगातार दो दिन तक अमरनाथ यात्रा रोकी गई। पंजाब में राबी, ब्यास, चेनाब, झेलम सहित सभी नदियां उफान पर हैं और ब्यास नदी पर बना एक 40 साल पुराना पुल बह गया और राष्ट्रीय राजमार्ग तीन का एक हिस्सा भी बह गया।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 153 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में हुई सर्वाधिक बारिश है। दिल्ली में बारिश का 41 साल का रिकॉर्ड टूटा है। दिल्ली में घर की छत गिरने से 58 साल की एक महिला की मौत हो गई। उधर राजस्थान में 24 घंटे के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने राजसमंद, जालौर, पाली, अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, जयपुर और कोटा सहित नौ से अधिक जिलों में बहुत भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। केरल और कर्नाटक के कई इलाकों में भी लगातार बारिश हुई। मौसम विभाग ने केरल के चार जिलों- कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में येलो अलर्ट जारी किया है।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 × three =