भोपाल। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में एक और चीते की मौत हो गई है। पिछले चार महीने में कूनो नेशनल पार्क में आठ चीतों की मौत हो चुकी है। इस हफ्ते दो चीतों की मौत हुई है। शुक्रवार को एक नर चीते की मौत हुई, जिसका नाम सूरज था। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक उसकी मौत का कारण साफ नहीं हो पाया है। इससे पहले मंगलवार को नर चीते तेजस की मौत हुई थी। उसकी गर्दन पर चोट के निशान मिले थे।
दक्षिण अफ्रीका के नामीबिया से लाए गये चीतों में से अब तक पांच चीतों और तीन शावकों की मौत हो चुकी है। इसमें से छह साल का चीता उदय भी शामिल है, जिसने अप्रैल में दम तोड़ा था इससे पहले चीते साशा की भी मौत हुई थी। गौरतलब है कि 17 सितंबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन पर नामीबिया से आए आठ चीतों को कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा था। इस साल 18 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीतों को कूनो में छोड़ा गया था।
कुल मिलाकर नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से 20 चीते लाए गए। इनमें में से अब तक पांच चीतों और तीन शावकों की मौत हो चुकी है। गौरतलब है कि भारत में कई दशक पहले चीते समाप्त हो गए थे। माना जाता है कि भारत में चीतों के अनुकूल वातावरण नहीं है, जिसकी वजह से उनका बचना और बढ़ना मुश्किल है। इसके बावजूद अफ्रीका से चीते लाए गए हैं। बहरहाल, बचे हुए चीतों की रक्षा के सारे उपाय किए जा रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


