nayaindia Khel ratna award सात्विक-चिराग को खेल रत्न सम्मान

सात्विक-चिराग को खेल रत्न सम्मान

नई दिल्ली। सरकार ने बुधवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा की। भारतीय बैडमिंटन के स्टार खिलाड़ी सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए चुना गया है। यह भारत का सर्वोच्च खेल सम्मान है। केंद्र सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। हाल में संपन्न हुए क्रिकेट के विश्वकप में शमी ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने सात मैचों में सबसे ज्यादा 24 विकेट लिए।

खेल मंत्रालय की ओर से बुधवार को घोषित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2023 की घोषणा में बताया गया है कि नौ जनवरी, 2024 को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सभी खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगी। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के नाम की सिफारिश विश्व कप 2023 में शानदार प्रदर्शन के आधार पर की गई है। विश्व कप फाइनल में हार के बाद जब प्रधानमंत्री मोदी टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में पहुंचे थे, तो उन्होंने भी शमी को गले लगाकर उनके प्रदर्शन की तारीफ की थी।

खेल रत्न पुरस्कार जीतने वाली सात्विक-चिराग की जोड़ी ने इस साल शानदार प्रदर्शन किया है। इस जोड़ी ने तीन बीडब्लुएफ वर्ल्ड टूर टाइटल जीते हैं। इस जोड़ी ने इंडोनेशिया सुपर 1000, कोरिया सुपर 500 और स्विस सुपर 300 के खिताब जीते हैं। इस जोड़ी को नवंबर के अंत में चाइना मास्टर्स 750 के फाइनल में पराजय का सामना करना पड़ा। खिलाड़ियों के अलावा पांच कोच- गणेश प्रभाकरन (मल्लखंभ), महावीर सैनी (पैरा एथलेटिक्स), ललित कुमार (कुश्ती), आरबी रमेश (शतरंज) और शिवेंद्र सिंह (हॉकी) को कोचिंग का सबसे बड़ा द्रोणाचार्य अवॉर्ड दिए जाने की घोषणा हुई है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें