nayaindia Wrestler Protest पहलवान वीरेंद्र भी लौटाएंगे पद्मश्री

पहलवान वीरेंद्र भी लौटाएंगे पद्मश्री

नई दिल्ली। देश के जाने माने पहलवान वीरेंद्र सिंह ने भी अपने साथी पहलवानों का समर्थन करने की घोषणा की है। बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह के भारतीय कुश्ती महासंघ का अध्यक्ष चुने जाने के बाद ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने कुश्ती छोड़ने का ऐलान किया। उसके बाद उनके समर्थन में बजरंग पूनिया ने पद्मश्री लौटाया और अब उनके समर्थन में वीरेंद्र सिंह आगे आए हैं। गौरतलब है कि साक्षी मलिक सहित कई महिला पहलवानों ने बृजभूषण के ऊपर यौन शोषण का आरोप लगाया है।

बहरहाल, अब पहलवान वीरेंद्र सिंह ने साक्षी का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा है- मैं अपनी बहन और देश की बेटी के लिए पद्मश्री भी लौटा दूंगा, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, मुझे आपकी बेटी और मेरी बहन साक्षी मलिक पर गर्व है। लेकिन मैं देश के शीर्ष खिलाड़ियों से भी अपील करूंगा कि वे अपना फैसला भी दें।

इससे एक दिन पहले बजरंग पुनिया के पीएम मोदी को पद्मश्री लौटाने का पत्र लिखा था। सोशल मीडिया पर ऐलान करने के बाद बजरंग पूनिया शुक्रवार शाम प्रधानमंत्री से मिलने उनके निवास की ओर से जा रहे थे। लेकिन उनको कर्तव्य पथ पर रोक दिया गया। वहां उन्होंने एक फुटपाथ पर अपना पद्मश्री पदक रख दिया, जिसके बाद इसे पुलिस ने उठा लिया। बजरंग पूनिया ने शुक्रवार को मीडिया से कहा- जब महिला पहलवानों को उचित सम्मान नहीं दिया जाता है, तो मैं भी इस सम्मान का हकदार नहीं हूं। उन्होंने कहा- हम 40 दिन सड़क पर थे, लेकिन सरकार ने जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए। हमारी लड़ाई सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि एक व्यक्ति के खिलाफ है। मैं न्यायपालिका में विश्वास करता हूं, लेकिन जो कुछ हो रहा है, मैं सिस्टम में विश्वास नहीं रख सकता।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें