अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत फिल्म ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊज़ाकी’ का दूसरा गीत ‘अरिवा’ रिलीज़ हो गया है। स्पैनिश शब्द ‘अरिवा’ से प्रेरित यह गीत एक मस्तीभरा पार्टी ट्रैक है, जो आज की युवा पीढ़ी की बेफिक्र जीवनशैली और बदलते रिश्तों को आकर्षक अंदाज़ में प्रस्तुत करता है।
निर्माताओं ने बताया कि पहले गीत ‘दिल संभलता नहीं’ को दर्शकों से मिले सकारात्मक प्रतिसाद के बाद फिल्म का यह नया गीत जारी किया गया है। ‘अरिवा’ के बोल और आवाज़ गैया मीरा की हैं, जबकि इसका संगीत आनंद रंगनाथन और नितिन दुबे ने तैयार किया है। स्पैनिश भाषा के शरारती बोल और इसकी ऊर्जावान प्रस्तुति गीत को अंतरराष्ट्रीय रंग प्रदान करती है।
फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन चुका है। ऐसे में ‘अरिवा’ युवाओं की जिंदगी के रोमांचक और बेफिक्र पलों को सामने लाते हुए आज के दौर के सिचुएशनशिप और डिस्ट्रैक्शनशिप जैसे बदलते रिश्तों की झलक भी दिखाता है।
Also Read : वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी का नया मेगा प्रोजेक्ट जल्द
मेधा शंकर, सिद्धार्थ मेनन, आदिल हुसैन, मंदिरा बेदी, नासर, नफीसा अली और विधात्री बांदी अभिनीत यह फिल्म एक बहुपीढ़ी भावनात्मक कहानी है, जो जीवन में खोने के दर्द से उबरने, उम्मीद को अपनाने और नई शुरुआत करने के साहस का संदेश देती है।
फिल्म का विश्व प्रीमियर बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। इसके अलावा इसे पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के प्रतिष्ठित ‘बेस्ट ऑफ फेस्ट’ चयन में शामिल किया गया। फिल्म को सोनोमा, सैन फ्रांसिस्को और ओसाका फिल्म समारोहों में ऑडियंस ऑनर्स से सम्मानित किया गया, जबकि स्टुटगार्ट, सिनसिनाटी, बर्लिन इंडो-जर्मन फिल्म वीक और कनाडा के रिफा फिल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला।
अभिनेत्री और निर्माता समीक्षा ओसवाल द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का लेखन और निर्देशन पद्मकुमार नरसिम्हमूर्ति ने किया है। एसएसओ प्रोडक्शंस के बैनर तले शैल ओसवाल और समीक्षा ओसवाल द्वारा निर्मित ‘मैक्स, मिन एंड म्याऊज़ाकी’ 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


