नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी की सुरक्षा के हवाले उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पर हमला किया है। उन्होंने प्रगति मैदान की सुरंग में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना के बाद उप राज्यपाल से इस्तीफा देने को कहा है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने प्रगति मैदान की सुरंग के अंदर कारोबारी से हुए लूट का सीसीटीवी फुटेज शेयर करते हुए राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। केजरीवाल ने कहा कि एलजी को इस्तीफा दे देना चाहिए।
गौरतलब है कि दिल्ली सरकार में कानून व्यवस्था और पुलिस का मामला उप राज्यपाल के अधिकार क्षेत्र में आता है। पिछले कुछ दिनों से हर आपराधिक घटना के बाद केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेता उप राज्यपाल को निशाना बना रहे हैं। बहरहाल, अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्विटर हैंडल पर प्रगति मैदान की सुरंग के अंदर कारोबारी से हुए लूट का सीसीटीवी फुटेज शेयर किया। उन्होंने एलजी पर निशाना साधाते हुए ट्विट किया- एलजी को इस्तीफा देना चाहिए। किसी ऐसे व्यक्ति के लिए रास्ता बनाएं, जो दिल्ली के लोगों को सुरक्षा प्रदान कर सके।
केजरीवाल ने आगे केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा- अगर केंद्र सरकार दिल्ली को सुरक्षित नहीं बना सकती, तो इसे हमें सौंप दें। हम आपको दिखाएंगे कि किसी शहर को उसके नागरिकों के लिए कैसे सुरक्षित बनाया जाए। गौरतलब है कि शनिवार को प्रगति मैदान की सुरंग में गाड़ी रूकवा कर बंदूक की नोक पर दो लोगों से दिन-दहाड़े दो लाख रुपए लूट लिए गए। दो कारोबारी शनिवार शाम तीन से चार बजे के करीब रिंग रोड से प्रगति मैदान टनल होते हुए इंडिया गेट की तरफ जा रहे थे। तभी दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनकी कार के आगे मोटरसाइकिल रोक कर पैसों से भरा बैग छीन लिया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



