राजधानी में दीपावली उत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में शुक्रवार को ‘दिल्ली की दिवाली-सबसे निराली, मिलकर मनाने वाली’ कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया जिसका मुख्य आकर्षण मेगा ड्रोन शो रहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रभु श्रीराम के चरणों में प्रार्थना करते हुए कहा कि दिल्ली के प्रत्येक निवासी का जीवन खुशियों से भरा रहे और हर परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन ‘क्लीन दिवाली, ग्रीन दिवाली’ की भावना को साकार करता है। ड्रोन के माध्यम से आसमान में प्रस्तुत विकसित भारत की तस्वीर दिल्लीवासियों के लिए एक अद्भुत और यादगार अनुभव है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अब पुरानी नकारात्मक बातों से आगे बढ़कर समस्याओं का समाधान, विकास और अपनी आकांक्षाओं की पूर्ति चाहती है। सरकार का संकल्प दिल्लीवासियों की अपेक्षाओं को पूरा करना और राजधानी को विकास की नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रभु श्रीराम की कृपा से दिल्ली को विकास की नयी बुलंदियों तक ले जाने का संकल्प सभी मिलकर पूरा करेंगे।
Also Read : माइक हसी ऑस्ट्रेलिया के सलाहकार कोच नियुक्त
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार लगातार दूसरे वर्ष बड़े स्तर पर ‘दिल्ली की दिवाली’ का आयोजन कर रही है। कनॉट प्लेस राजधानी का दिल है और इस बार यहां दो दिवसीय दीपावली उत्सव आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य कनॉट प्लेस में कुछ समय पहले बने नकारात्मक माहौल को सकारात्मकता और उत्सव के वातावरण में बदलना है। सरकार चाहती है कि दिल्ली में भी देश के अन्य बड़े शहरों की तरह भव्य दीपावली उत्सव हो और लोग परिवार के साथ यहां आकर त्योहार का आनंद लें।
श्री मिश्रा ने कहा कि ‘दिल्ली की दिवाली’ केवल दो दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि राजधानी के लोगों को एक साथ जोड़ने और त्योहार की खुशियां साझा करने का अवसर है। आयोजन के दौरान सेंट्रल पार्क में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शाम को हुए मेगा ड्रोन शो ने दर्शकों का विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद मां लक्ष्मी की महाआरती आयोजित की गई, जिसमें पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



