चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर चल रहे भाजपा के महासंपर्क अभियान के तहत रविवार को पंजाब और हरियाणा में रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने पंजाब में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा तो हरियाणा में भूपेंदर सिंह हुड्डा पर हमला किया। शाह पंजाब में अकाली दल पर चुप रहे और हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल या चौटाला परिवार के बारे में कुछ नहीं कहा।
अमित शाह ने रविवार को हरियाणा के सिरसा में कांग्रेस और हुड्डा परिवार पर निशाना साधते हुए कहा- यहां की हुड्डा सरकार 3डी सरकार थी। पहला डी दरबारी, दूसरा डी दामाद और तीसरा डी डीलरों की सरकार थी। मनोहर लाल खट्टर जी ने यह तीनों डी समाप्त कर दिया है। पहलवानों के आंदोलन और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर लगे आरोपों के बीच शाह ने कहा- हरियाणा खिलाड़ियों की भूमि है। देश को मेडल मिलता है तो हर तीसरा खिलाड़ी हरियाणा का होता है। मैंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को कहा कि धाकड़ खिलाड़ियों के लिए कुछ करिए और उन्होंने किया।
इससे पहले अमित शाह ने रविवार को ही पंजाब के गुरदासपुर में रैली की और आम आदमी पार्टी पर हमला किया। उन्होंने कहा- आम आदमी पार्टी जैसी खोखले वादे करने वाली सरकार हमने नहीं देखी। मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा- यहां के सीएम भगवंत मान हैं, लेकिन वो तो यहां रहते ही नहीं। वो कभी दिल्ली, कभी कोलकाता, कभी चेन्नई तो कभी महाराष्ट्र पहुंच जाते हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल कहीं भी जाते हैं, भगवंत मान प्लेन लेकर पहुंच जाते हैं। समझ में ही नहीं आता कि वे मुख्यमंत्री हैं या पायलट।
आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए शाह ने कहा- आज तक पंजाब की एक भी महिला के खाते में एक भी रुपया नहीं आया, लेकिन करोड़ों रुपए खर्च कर देश के अखबारों के फ्रंट पेज पर आम आदमी पार्टी सरकार का विज्ञापन चलता रहता है। मान का पूरा समय केजरीवाल की पब्लिसिटी में बीत रहा है। अमित शाह ने कहा- पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ता जा रहा है। भगवंत मान की वजह से पंजाब की कानून-व्यवस्था दिन ब दिन बद से बदतर होती जा रही है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


