नई दिल्ली। इंडियन नेशनल लोकदल और बहुजन समाज पार्टी ने एक बार फिर तालमेल कर दिया है। हरियाणा में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पार्टियां एक साथ आ गई हैं। दोनों पार्टियों के बीच हुए गठबंधन के मुताबिक बसपा हरियाणा की 90 सीटों में से 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि 53 सीटों पर इनेलो के उम्मीदवार चुनाव मैदान में होंगे। इस गठबंधन के नेता अभय चौटाला होंगे।
गठबंधन का ऐलान करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि यह गठबंधन स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि जनता की इच्छा के अनुसार किया गया है। उन्होंने कहा- भाजपा और कांग्रेस ने देश को लूटा है। हम गैर भाजपा और गैर कांग्रेस गठबंधन बनाकर सरकार बनाएंगे। तालमेल के बाद बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक और मायावती के उत्तराधिकारी आकाश आनंद ने कहा कि सरकार बनने पर अभय चौटाला को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। यह गठबंधन सिर्फ विधानसभा चुनाव तक सीमित नहीं रहेगा, अन्य चुनाव भी मिलकर लड़े जाएंगे।
आकाश आनंद ने गठबंधन की जानकारी देते हुए बताया कि मायावती और अभय चौटाला की छह जुलाई को मीटिंग हुई थी। गौरतलब है कि ये दोनों पार्टियां दशकों पहले भी तालमेल कर चुकी हैं। 1998 के लोकसभा चुनाव के दौरान इंडियन नेशनल लोकदल और बसपा के बीच पहली बार गठबंधन हुआ था। तब इनेलो ने सात और बसपा ने तीन लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था। इनमें से एक सीट पर जीत दर्ज की थी। दोनों दलों के बीच दूसरी बार गठबंधन साल 2018 में हुआ था। लेकिन गठबंधन विधानसभा चुनाव से पहले ही टूट गया था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



