Uggain Pardhi :- मध्य प्रदेश के लंबे समय से फरार चल रहे एक बाघ शिकारी को कर्नाटक से गिरफ्तार किया गया है। वन विभाग ने बताया कि विगत 10 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी आरोपी उज्जैन उर्फ उग्गैन पारधी को गिरफ्तार किया गया है। उक्त अपराधी गिरफ्तारी से बचने के लिए सुखमन आदिवासी नाम से कर्नाटक के विभिन्न स्थानो में रह रहा था। उसे पकड़ने के लिए वन विभाग की स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स लम्बे समय से प्रयासरत थी और विशेष इन्टेलिजेन्स इनपुट के आधार पर क्षेत्रीय टाइगर स्ट्राइक फोर्स जबलपुर द्वारा बेलगाँव (कर्नाटक) में की गई कार्रवाई में सफलता प्राप्त हुई।
कार्रवाईके दौरान बेलगाँव कर्नाटक वन विभाग को सहयोग करते हुए पारधियों के डेरे से हाथी तथा बाघ को मारने में प्रयुक्त किये जाने वाले ट्रेप व फंदे भी जब्त किये गये। सामान्य वन मंडल बेलगाँव कर्नाटक द्वारा स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स के सहयोग से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। एक अन्य अपराधी चीका पहले भी मध्य प्रदेश में बाघ के शिकार में गिरफ्तार किया जा चुका है। कर्नाटक से गिरफ्तार किए गए उज्जैन को विशेष न्यायालय जबलपुर में फॉरेस्ट रिमांड के लिए पेश किया गया। उसकी अन्य वन्य जीव अपराधों में संलिप्ता के संबंध में जानकारी के लिये अन्य राज्यों से संपर्क किया जा रहा है। (आईएएनएस)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


