nayaindia Maratha reservation मराठा आरक्षण आंदोलन समाप्त

मराठा आरक्षण आंदोलन समाप्त

मुंबई। महाराष्ट्र के जालना से शुरू हुआ मराठा आरक्षण आंदोलन मुंबई पहुंचने से पहले समाप्त हो गया। राज्य की एकनाथ शिंदे सरकार ने आंदोलनकारियों की सभी मांगे मान ली हैं। शनिवार, 27 जनवरी को मुख्यमंत्री शिंदे ने मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल से नवी मुंबई में मुलाकात की। उन्होंने जरांगे को जूस पिलाकर उनका अनशन खत्म करवाया और सरकार की ओर से लाए जाने वाले अध्यादेश की कॉपी सौंपी।

आंदोलन खत्म करने के बाद मनोज जरांगे पाटिल ने कहा- हम चार महीने से मराठा आरक्षण के लिए संघर्ष कर रहे थे। मराठा आरक्षण के लिए करीब साढ़े तीन सौ युवाओं ने आत्महत्या की। आज उनका सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा- अब सरकार पर आरक्षण लागू करने की जिम्मेदारी है। अगर इस बार धोखा हुआ तो मैं मुंबई के आजाद मैदान आ जाऊंगा। मनोज जरांगे मराठाओं को ओबीसी में शामिल करके आरक्षण देने की मांग कर रहे थे।

इससे पहले शुक्रवार को जरांगे ने शिंदे सरकार को शनिवार की सुबह 11 बजे तक का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने कहा था- अगर 11 बजे तक आरक्षण का अध्यादेश जारी नहीं किया गया, तो वे 12 बजे मुंबई के आजाद मैदान पहुंचकर आंदोलन करेंगे। इसके बाद शिंदे सरकार ने देर रात अध्यादेश का ड्राफ्ट जरांगे के पास भेजा। इसमें जरांगे की मांगों का जिक्र था। इसके बाद मनोज जरांगे ने शुक्रवार देर रात आंदोलन खत्म करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा- सीएम एकनाथ शिंदे ने अच्छा काम किया है। हमारी अपील मान ली गई है। हमारा विरोध अब खत्म हुआ।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें