Rajasthan Assembly :- राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष द्वारा मंत्री पद से बर्खास्त किए गए विधायक राजेंद्र गुढ़ा को सदन में एक लाल डायरी पेश करने की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद हुए हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही सोमवार को शून्यकाल के बीच स्थगित कर दी गयी।
शून्यकाल की कार्यवाही शुरू होते ही मंत्री पद से बर्खास्त किए गए विधायक राजेंद्र गुढ़ा लाल रंग की एक डायरी लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी के सामने पहुंच गए। उन्होंने वह अध्यक्ष को सौंपनी चाही लेकिन जोशी ने उन्हें अनुमति नहीं दी। जोशी ने गुढ़ा से उनके चैंबर में आने को कहा।
गुढ़ा व जोशी में काफी दर गर्मागर्मी होती रही। इसके बाद गुढ़ा संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल की ओर बढ़े। दोनों में कुछ बहस हुई। सत्तापक्ष के कई मंत्री वहां पहुंच गए और गुढ़ा को दूर किया। वहीं मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी भाजपा के विधायक भी नारेबाजी करते रहे। इसके बाद जोशी ने सदन की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा की। इससे पहले गुढ़ा ने सुबह कहा था कि वह कथित ‘लाल डायरी’ के बारे में आज विधानसभा में खुलासा करेंगे।
गुढ़ा ने शुक्रवार को विधानसभा में महिला अत्याचार के मुद्दे पर अपनी ही सरकार को घेरा तो उसी रात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया। गुढ़ा के पास सैनिक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), होम गार्ड एवं नागरिक सुरक्षा (स्वतंत्र प्रभार), पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग था। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


