बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी को भारतीय सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान और महाराष्ट्र से उनके लंबे जुड़ाव के लिए महाराष्ट्र सरकार की ओर से प्रतिष्ठित राज कपूर विशेष योगदान पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 62वें महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रानी मुखर्जी को यह सम्मान प्रदान किया।
सम्मान मिलने पर रानी ने कहा, “मेरे लिए महाराष्ट्र सिर्फ एक राज्य नहीं है। महाराष्ट्र मेरी जन्मभूमि है, मेरी कर्मभूमि है और मेरे जीवन का अभिन्न हिस्सा है।” उन्होंने कहा, “सिनेमा मेरे लिए एक गहरा इमोशन है और महाराष्ट्र उस इमोशन का घर है। यह पुरस्कार मेरे लिए इसलिए भी खास है क्योंकि यह मुझे मेरे अपने लोगों और उस जगह से मिल रहा है, जिससे मैं गहराई से जुड़ी हूं।” मुंबई में जन्मीं और पली-बढ़ीं रानी ने करीब तीन दशक लंबे अपने फिल्मी करियर में ‘ब्लैक’, ‘नो वन किल्ड जेसिका’, ‘हिचकी’, ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी और ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ जैसी फिल्मों में प्रभावशाली भूमिकाएं निभाई हैं।
Also Read : भारत की अंतरिक्ष यात्रा में सहयात्री बनें फ्रांस और दुनिया के अन्य देश: मोदी
रानी ने कहा कि उन्होंने हमेशा ऐसी कहानियों और किरदारों को चुना, जिनमें उन्हें सच्चाई और साहस नजर आया। उन्होंने मजबूत महिलाओं को पर्दे पर प्रतिनिधित्व देने की अपनी कोशिश का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी महिलाएं उन्हें आकर्षित करती रही हैं, जो किसी और के उन्हें बचाने का इंतजार नहीं करतीं। उन्होंने यह सम्मान महाराष्ट्र के कलाकारों, तकनीशियनों, फिल्मकारों और पूरी फिल्म बिरादरी को समर्पित करते हुए कहा कि राज्य ने पीढ़ियों से भारतीय सिनेमा को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रानी ने कहा, “जब भी मैं इस पुरस्कार को देखूंगी, मुझे सिर्फ एक पुरस्कार नजर नहीं आएगा। मुझे अपना मुंबई, अपना महाराष्ट्र नजर आएगा।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



