कोलकाता। पंजाब के बाद अब पश्चिम बंगाल में राज्य सरकार और राज्यपाल के बीच ठन गई है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस को चुनौती देते हुए कहा है कि उनको राज्य की चुनी हुई सरकार से पंगा नहीं लेना चाहिए। ममता बनर्जी ने इसके साथ ही सोमवार को यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव दिसंबर में हो सकते हैं। उन्होंने कहा- भाजपा ऐसा करा दे तो हैरानी नहीं होगी।
ममता ने कहा- हमने बंगाल में सीपीएम के शासन को खत्म किया है, अब लोकसभा में भाजपा को हराएंगे। उन्होंने राज्यपाल सीवी आनंद बोस को चुनौती दी और कहा कि राज्यपाल को चुनी हुई सरकार से पंगा नहीं लेना चाहिए। ममता ने राज्यपाल पर निशाना साधते हुए कहा- वे संवैधानिक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। मैं इस पद का सम्मान करती हूं, लेकिन उनकी असंवैधानिक गतिविधियों का समर्थन नहीं करती।
ममता तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद के 26वें स्थापना दिवस पर कोलकाता स्थित मेयो रोड पर रैली को संबोधित करते राज्यपल पर हमला किया। गौरतलब है कि राज्यपाल बोस ने रविवार को सिलीगुड़ी में एक नाबालिग से बलात्कार और हत्या की घटना पर राज्य सरकार की निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि मैं कन्याश्री योजना पर बोलना चाहता हूं। लड़की के जीवन के बिना कन्याश्री का क्या मतलब है। जब तक समाज एक लड़की की जान नहीं बचा सकता, तब तक बड़े-बड़े दावे करने का कोई फायदा नहीं है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


