नई दिल्ली। केंद्र सरकार के अलग अलग विभागों में सात लाख 70 हजार से पद खाली हैं। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने संसद में इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने गुरुवार को राज्यसभा में कहा कि व्यय विभाग की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, एक मार्च 2021 तक विभिन्न मंत्रालयों व विभागों में नौ लाख 79 हजार 327 पद खाली पड़े हैं।
उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा 2.93 लाख पद रेलवे में खाली हैं। रक्षा मंत्रालय में सैनिकों के अलावा सिविल के 2.64 लाख पद खाली हैं। गृह मामलों में 1.43 लाख, डाक विभाग में 90,050 पद, राजस्व में 80,243 पद और भारतीय लेखा परीक्षा और लेखा विभाग में 25,934 पद खाली हैं। इससे पहले दिसंबर 2021 में वित्त मंत्री ने बताया था कि एक दिसंबर 2021 तक सरकारी बैंकों में कुल आठ लाख पांच हजार 986 पद मंजूर किए गए हैं, जिसमें से 41,177 बैंक कर्मचारियों के पद खाली पड़े हैं।
केंद्रीय विश्वविद्यालयों, आईआईटी और आईआईएम जैसे शैक्षणिक संस्थानों में 10,814 शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। एक अनुमान के मुताबिक देश के तीनों सेनाओं में करीब सवा लाख पद खाली पड़े हैं, जिसे भरने को लेकर कवायद भी चल रही है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 जून 2022 को एलान किया था कि 2023 के आखिर तक केंद्र सरकार विभिन्न विभागों और मंत्रालयों में खाली पड़े 10 लाख पदों पर लोगों की भर्ती करेगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


