वाशिंगटन। पत्रकारिता क्षेत्र में अनूठे काम करने वाले पत्रकारों को पुरुस्कृत करने वाले पुलित्जर पुरस्कार (Pulitzer Prize) संगठन ने सोमवार को घोषणा की कि न्यूयॉर्क की समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) (AP) और समाचार-पत्र ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ (New York Times) को यूक्रेन में संघर्ष के दौरान अपने कवरेज के लिए पुलित्जर पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया गया है।
पुलित्जर पुरस्कार संगठन ने लाइव-स्ट्रीम घोषणा समारोह में बताया कि एपी ने यूक्रेन के मारियुपोल शहर में रिपोर्टिंग के दौरान ब्रेकिंग न्यूज फोटोग्राफी के लिए पुलित्जर पुरस्कार जीता और साथ ही एपी ने अपने यूक्रेन कवरेज के लिए संगठन का सार्वजनिक सेवा पुरस्कार भी जीता। इसके अलावा, न्यूयॉर्क टाइम्स ने यूक्रेन संघर्ष (ukraine conflict) पर अपने काम के लिए अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टिंग के लिए पुलित्जर पुरस्कार जीता, जिसमें बुचा में रूसी सेना द्वारा कथित नरसंहार का कवरेज भी शामिल है।
इस कवरेज को लेकर रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बुचा का कोई भी निवासी रूसी सेना के हाथों पीड़ित नहीं हुआ है। रूस ने अपने ऊपर लगे आरोपों की एक स्वतंत्र जांच की मांग की, जिसमें उन्होंने कथित पीड़ितों की पहचान, मौत के समय और कारणों तथा मृतक के संभावित परिवहन शामिल हैं।
संगठन ने बताया कि 2023 में पुलित्ज़र पुरस्कार विजेताओं में सार्वजनिक अधिकारियों द्वारा गुप्त रूप से नस्लवादी टिप्पणियों को रिकॉर्ड करके ब्रेकिंग न्यूज़ रिपोर्टिंग की श्रेणी में आने वाले ‘एलए टाइम्स’, अमेरिकी गर्भपात राजनीति के कवरेज के लिए राष्ट्रीय रिपोर्टिंग की श्रेणी में ‘वाशिंगटन पोस्ट’ और अमेरिकी संघीय एजेंसियों द्वारा हितों के टकराव की कवरेज के लिए खोजी रिपोर्टिंग की श्रेणी में आने वाले ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ भी शामिल हैं। (वार्ता)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



