नई दिल्ली। हिंसाग्रस्त सूडान में फंसे भारतीयों को वहां से निकालने का काम शुरू हो गया है। मंगलवार को 278 भारतीयों का पहला दल सूडान से सऊदी अरब के जेद्दा के लिए रवाना हुआ, जहां से हवाई जहाज से उनको दिल्ली लाया जाएगा। गौरतलब है कि अमेरिका और सऊदी अरब के प्रयासों से अगले 72 घंटे तक सूडान में गृह युद्ध थमा रहेगा। इस दौरान भारत सहित दुनिया के कई देश अपने नागरिकों को वहां से निकालने का अभियान चला रहे हैं।
सूडान में फंसे करीब चार हजार भारतीयों को निकालने के लिए भारत ने ‘ऑपरेशन कावेरी’ शुरू किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इसकी जानकारी देते हुए मंगलवार को कहा- पहले बैच में 278 भारतीयों को देश वापस लाया जा रहा है। इसके लिए नौसेना का जहाज आईएनएस सुमेधा सूडान पोर्ट से सऊदी अरब के जेद्दा रवाना हो गया है। वहां से इन नागरिकों को एयरलिफ्ट किया जाएगा।
सूडान में पैरामिलिट्री फोर्स, आरएसएफ और सेना के बीच 10 दिन से जंग जारी है। दोनों सत्ता पर कब्जा करना चाहते हैं। जंग में चार सौ से ज्यादा लोगों और सैनिकों की मौत हो चुकी है। इसे देखते हुए अमेरिका, ब्रिटेन और भारत सहित कई देश वहां से अपने नागरिकों को निकाल रहे हैं। बताया जा रहा है कि तीन दिन का युद्धविराम दो दिनों तक हुई बातचीत का नतीजा है। इन 72 घंटों में दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश की जाएगी। इस बीच संयुक्त राष्ट्र संघ के मुताबिक इस लड़ाई में अब तक 427 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 सौ लोग घायल हुए हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



