नई दिल्ली | Turkiye Earthquake: तुर्किए में आए भूकंप की विनाशलीला अभी भी जारी है। भूकंप के झटकों से धराशाही हुई बहुमंजिला इमारतों के मलबे से अभी भी शव मिलना जारी है। इसी बीच इस त्रासदी में एक भारतीय ने भी अपनी जान गंवाई है। भूकंप के बाद से लापता एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि हुई है।
होटल के मलबे में दबा मिला शव
तुर्किए में स्थित भारतीय दूतावास ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। तुर्किए में 6 फरवरी को आए विनाशकारी भूकंप के झटकों बाद से ही भारतीय नागरिक विजय कुमार लापता था जिसकी अब डेड बॉडी मिल गई है। उसके शव की पहचान कर ली गई है। उसका शव एक होटल के मलबे के नीचे दबा मिला है। बताया जा रहा है कि, विजय कुमार 24 मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल के एक कमरे में रुके हुए थे।

क्या कहा भारतीय दूतावास ने?
इसकी जानकारी देते हुए भारतीय दूतावास ने कहा कि हम दुख के साथ सूचित करते हैं कि तुर्की में 6 फरवरी के भूकंप के बाद से लापता भारतीय नागरिक विजय कुमार का शव मिल गया है और मालट्या में एक होटल के मलबे से उसकी पहचान की गई है, जहां वह व्यापारिक यात्रा पर थे। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। हम उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उनके परिवार तक पहुंचाने की व्यवस्था कर रहे हैं। बता दें कि, भारतीय नागरिक विजय कुमार उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के निवासी थे।
दुखद घड़ी में तुर्किए के साथ खड़ा है भारत
Turkiye Earthquake: आपको बता दें कि, तुर्किए में आए विनाशकारी भूकंप के कारण अब तक 25 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 85 हजार से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। तर्ु्किए में युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जारी है। भारत भी इस दुखद घड़ी में तुर्किए के साथ खड़ा है। भारत ने एनडीआरएफ की टीम, 90 मेंबर की मेडिकल टीम, खोजी कुत्ते, दवाएं, आवश्यक वस्तुओं जैसी कई चीजें मदद के लिए तुर्किए भेजी है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



