चंडीगढ़। कांग्रेस नेता एवं जलंधर से सांसद (Jalandhar MP) संतोख चौधरी (Santokh Chowdhary) का ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ( ‘Bharat Jodo Yatra’) के दौरान दिल का दौरा पड़ने के कारण शनिवार को निधन हो गया, जिसके बाद यात्रा रोक दी गई। वह 76 वर्ष के थे। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने बताया कि दो बार सांसद रहे चौधरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली पदयात्रा में फिल्लौर में भाग लेते समय बेहोश हो गए थे।
यात्रा में मौजूद रहे बाजवा ने बताया कि चौधरी को एम्बुलेंस के जरिए फगवाड़ा के एक अस्पताल ले जाया गया। चौधरी के निधन के बाद यात्रा को रोक दिया गया और ऐसा बताया जा रहा है कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अस्पताल गए हैं।
इससे पहले, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने पंजाब चरण के तहत शनिवार सुबह लुधियाना के लाढ़ोवाल से आगे बढ़ी थी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस सांसद के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मान ने ट्वीट किया, जलंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन पर मुझे गहरा दुख हुआ है।
कांग्रेस के पूर्व नेता अमरिंदर सिंह ने भी चौधरी के निधन पर शोक जताया। सिंह ने ट्वीट किया, दिल का दौरा पड़ने से सांसद संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। कांग्रेस के कई नेता अस्पताल गए हैं। यात्रा का पंजाब चरण बुधवार को फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद से शुरू हुआ था। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


