भुवनेश्वर। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नाबा किशोर दास को रविवार को एक पुलिसकर्मी ने गोली मार दी बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्री नाबा दास ब्रजराजनगर के गांधी चौक पर एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे उसी समय उनको गोली मारी गई। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद उनको एयरलिफ्ट करके भुवनेश्वर लाया गया था, जहां मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल जाना। इस बीच राज्य सरकार ने घटना की जांच के लिए सात सदस्यों की एक कमेटी बना दी है।
रविवार को घटना के ठीक पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि नाबा दास जैसे ही कार से निकलने लगे तो उन्हें काफी करीब से गोली मारी गई। हालांकि इस वीडियो में हमलावर नहीं दिख रहा है। वीडियो में समर्थकों की नारेबाजी के बीच गोली चलने की तेज आवाज सुनी जा सकती है। साथ ही नाबा दास को अपने सीने को पकड़कर सीट पर गिरते हुए भी देखा जा सकता है। घटना रविवार को दिन में करीब एक बजे की है।
एक अन्य वीडियो क्लिप में दिख रहा है कि नाबा दास के सीने से खून बह रहा है और लोग घायल मंत्री को उठाने की कोशिश कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री को कार की आगे की सीट पर लिटा दिया गया है। ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री नाबा किशोर दास को गोली मारने वाला झारसुगुड़ा जिले का एक सहायक पुलिस उप निरीक्षक बताया जा रहा है। ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने संवाददाताओं को बताया- सहायक पुलिस उप निरीक्षक, एएसआई गोपाल दास ने मंत्री पर गोली चलाई। घटना में मंत्री घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि गोली चलाने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



