नई दिल्ली/पटना। बिहार में बाढ़ से स्थिति बिगड़ती जा रही है। राज्य की आठ बड़ी नदियां उफान पर हैं, जिनसे 16 राज्यों में बाढ़ की हालत गंभीर हो गई है। असल में बिहार के कई हिस्सों में पिछले पांच दिन से लगातार बारिश हो रही है। बारिश और बाढ़ की वजह से 16 जिलों के 40 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। ज्यादातर बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, करीब 85 प्रखंडों की 514 ग्राम पंचायतों में बाढ़ का असर है। इससे 40.21 लाख लोग प्रभावित हैं। गंगा के अलावा कोसी, गंडक और घाघरा नदियां लाल निशान से ऊपर बह रही हैं।
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी बाढ़ के हालात हैं। लगातार बारिश के चलते लखीमपुर और बरेली में आठवीं क्लास तक के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। वाराणसी में प्री प्राइमरी से कक्षा पांच तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे, जबकि कक्षा छह से 12 तक के स्कूल सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेंगे। मौसम विभाग ने बुधवार को वाराणसी और प्रयागराज सहित 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया था।
उधर उत्तराखंड के पौड़ी में भूस्खलन के कारण घरों और दुकानों में दरारें आ गई हैं। पहाड़ी जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 10 से 12 सितंबर तक देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में तेज बारिश की संभावना जताई है। मध्य प्रदेश में मानसून की बारिश रूकने से स्थिति सुधरी है। मौसम विभाग, भोपाल ने 11 सितंबर तक प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अनुमान नहीं जताया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



