अहमदाबाद। गुरुवार को गुजरात के अहमदाबाद में हाल के दिनों का सबसे बड़ा विमान हादसा हुआ है। एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन उड़ान भरते ही क्रैश हो गया। विमान के क्रैश होते ही इसमें आग लग गई और दो यात्रियों को छोड़ कर इसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई। विमान अहमदाबाद से गैटविक लंदन जा रहा था। इसमें दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्यों सहित 242 लोग विमान में सवार थे। देर रात तक हादसे में केवल दो लोगों के चमत्कारिक तरीके से बचने की बात सामने आई है। बाकी सभी लोगों की मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार हादसे में जिंदा बच गए हैं। उनका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे लगंड़ाते हुए मलबे से बाहर आते दिख रहे हैं। वहीं एक और जिंदा बचा यात्री अस्पताल में भर्ती है। एयर इंडिया ने हादसे की पुष्टि की है और विमान हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को एक एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य लोगों ने घटना पर शोक जताया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देर शाम तक घटनास्थल पर पहुंच गए थे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी उनके साथ थे।
गैटविक लंदन जा रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 171 में 169 भारतीय सवार थे। उनके अलावा 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक सहित कुल 230 यात्री सवार थे। बाकी 12 चालक दल के सदस्य थे। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपानी का भी निधन हो गया है। भाजपा के राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने सबसे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। हालांकि बाद में उन्होंने पोस्ट डिलीट कर दी थी।
विमान ने अहमदाबाद हवाईअड्डे से दोपहर में एक बज कर 38 मिनट पर उड़ान भरी और दो मिनट के बाद ही विमान क्रैश हो गया। गिरते हुए विमान जिस इमारत से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल अस्पताल के डॉक्टर रहते हैं। जानकारी के मुताबिक हादसे के समय इमारत में 50 से 60 डॉक्टर मौजूद थे, इनमें 15 से ज्यादा घायल हो गए। क्रैश से चंद सेकंड पहले पायलट ने ‘मे डे’ का अलर्ट भी दिया था।
हादसे की जगह से मिले ज्यादातर शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करने में बेहद मुश्किल आ रही है। उनकी पहचान डीएनए टेस्ट के बाद ही संभव होगी। बताया गया है कि विमान हवाईअड्डे की दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हुआ। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया। अहमदाबाद प्लेन क्रैश होने के बाद हादसे के शिकार लोगों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में स्ट्रेचर कम पड़े तो हाथ ठेले से शवों को ले जाया गया। देर शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद में घटनास्थल पहुंचे। उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और नागरिक विमानन मंत्री राम मोहन नायडू भी मौजूद थे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




