सहारनपुर। भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। सहारनपुर के देवबंद में उनके ऊपर हमला हुआ। हमलवारों ने चार गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली उनके पेट को छूती हुई निकल गई। उनको मामूली जख्म आया। हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस कई जगह छापे मार रही है। गौरतलब है कि चंद्रशेखर फायरब्रांड दलित नेता हैं और पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी जगह बनाने की कोशिश में लगे हैं।
बहरहाल, बताया जा रहा है कि वे दिल्ली से अपने घर सहारनपुर के छुटमलपुर कस्बे जा रहे थे। इस दौरान देवबंद के पास उनको गोली मारी गई। हरियाणा नंबर की कार से आए हमलावरों ने चंद्रशेखर पर चार गोलियां चलाईं। एक गोली उनके पेट को छूते हुए निकल गई। फायरिंग में आजाद की कार के शीशे भी टूट गए हैं। सीसीटीवी फुटेज में गाड़ी का नंबर दिखा है, जिस आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। चंद्रशेखर को देवबंद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया और वहां शुरुआती इलाज के बाद सहारनपुर के जिला अस्पताल भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के बाहर समर्थकों की भीड़ लग गई। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों को पकड़ने की कोशिश हो रही है। बताया जा रहा है कि भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद देवबंद में संगठन के एक साथी एडवोकेट अजय के घर गए थे। अजय की मां का दो दिन पहले निधन हुआ था। चंद्रशेखर जैसे ही अजय के घर से निकलकर अपनी कार तक पहुंचे, उसी समय दूसरी कार से आए हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
हमले के बाद चंद्रशेखर की पार्टी आजाद समाज पार्टी ने ट्विट कहा- देवबंद में राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। ये बहुजन मिशन मूवमेंट को रोकने का कायराना कृत्य है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा की मांग करते हैं। भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण गौतम ने कहा- जिस प्रकार से प्रदेश के अंदर माहौल बना हुआ है, चाहे वो मुस्लिम नेता हो या दलित नेता हो। उन्हें टारगेट किया जा रहा है। उन पर गोलियां चलाई जा रही हैं। यह बहुत ही निंदनीय है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


